महोबा। जनपद चित्रकूट के स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को हुए फुटबॉल के मंडलीय चयन ट्रायल में जिले के सात मेधावियों ने अपनी मेधा का परिचय देते हुए जगह बनाई हैं। यह सभी खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप गुप्ता ने बताया कि प्रदेशस्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल चयन ट्रायल में चित्रकूट मंडल की ओर से महोबा जिले के सात खिलाड़ियों ने स्थान बनाया है। चयनित होने वाले खिलाड़ियों में हर्ष, वेदप्रकाश, सिद्धार्थ, अस्मित, अजय, अर्पित और अभय तिवारी शामिल हैं। चयनित खिलाड़ी 31 जुलाई की सुबह जनपद मऊ में आयोजित होने वाली प्रदेशस्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए रवाना होंगे। बताया कि यह प्रतियोगिता एक से आठ अगस्त तक मऊ में आयोजित होगी। क्रीड़ा अधिकारी, फुटबॉल प्रशिक्षक जाहिद अली व शरद तिवारी दाऊ ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी।