कुलपहाड़ (महोबा)। बुंदेलखंड किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर पनवाड़ी ब्लाक के तुर्रा शेरगढ़ गांव की समस्याओं के समाधान की गुहार लगाई। गुलजारी और हरप्रसाद के खेतों के पास नहर में पुलिया बनवाने की मांग रखी।
सोमवार को यूनियन के राष्ट्रीय सचिव अखिलेश रावत, महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष किरण पाठक और संगठन मंत्री बालाजी ने एसडीएम सुथान अब्दुल्ला को ज्ञापन दिया। इसमें कहा है कि पुलिया के बिना कृषि कार्य अवरुद्ध हो जाता है। गांव में कई पात्र लोगों के नाम राशन कार्ड से काट दिए गए हैं। उनके नाम जोड़े जाएं एवं पात्र लोगों के नए राशन कार्ड बनाए जाएं। गांव में स्थित शराब के ठेके को हटाकर कहीं और खोला जाए। बिजली कटौती बंद की जाए। 20 घंटे बिजली की आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। राष्ट्रीय सचिव अखिलेश रावत ने बताया कि इसके पूर्व शेरगढ़ गांव में यूनियन की बैठक हुई। इसमें ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं बताईं। उन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया है। यदि एक माह में समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो बुंदेलखंड किसान यूनियन आंदोलन करने पर बाध्य होगा। इस दौरान छत्रपाल, बृजकिशोर प्रभु दयाल, सुखलाल, शैलेंद्र, केसर राजपूत, यशवंत सिंह, देवकी नंदन राजपूत उपस्थित रहे।

उफ ये गर्मी।- फोटो : MAHOBA