महोबा। न्यायालय के आदेश पर हिस्ट्रीशीटर के मकान समेत 22 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली गई। तहसीलदार की मौजूदगी में दो थानों की पुलिस ने संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई करते हुए मकान सील किया। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में हत्या का प्रयास, लूट, गैंगस्टर समेत 33 मुकदमे दर्ज हैं।
बंधानवार्ड निवासी वीरू उर्फ वीरेंद्र चौरसिया पर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई। गिरोहबंद एवं असामाजिक क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत अंतरराज्यीय बदमाश वीरू के घर पहुंच तहसीलदार ने संपत्ति जब्त की। बदमाश के आलीशान मकान में कुर्की का नोटिस पुलिस ने चस्पा किया। तहसीलदार बालकृष्ण सिंह ने बताया कि जिला न्यायालय के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है। अपराध कर अर्जित की गई बदमाश की संपत्ति को जब्त कर कुर्क की गई है। शहर कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि वीरू पर शहर कोतवाली में ही 17 मुकदमे दर्ज हैं।