महोबा। मैडम, चार साल से पति अपने साथ नहीं रख रहा है। दहेज में दो लाख रुपये की और मांग की जा रही है। अफसरों की चौखट पर जाकर कई बार न्याय की गुहार लगाई लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब आप ही न्याय दिलाइए। यह बात भटीपुरा पठारा निवासी शाबाना खातून ने बुधवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रभा गुप्ता के सामने कही। उन्होंने न्याय का भरोसा दिया।
कबरई ब्लॉक सभागार में जन सुनवाई व समीक्षा बैठक में राज्य महिला आयोग की सदस्य के सामने महिला उत्पीड़न, दहेज व घरेलू हिंसा से संबंधित 26 मामले आए। करहराकला निवासी सीमा ने शिकायत दर्ज कराई कि ससुराल पक्ष के लोग उसका उत्पीड़न करते थे। विरोध करने पर दो वर्ष पहले उसे घर से निकाल दिया। कई बार मारपीट व करंट लगाकर मारने की कोशिश की गई। दो बार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जन सुनवाई में डिप्टी कलेक्टर स्वेता पांडेय, सीओ रामप्रवेश राय, तहसीलदार बालकृष्ण सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अशोक कुमार, डीपीओ सविता राजपूत मौजूद रहे।