महोबा। मध्य वर्ग के उत्पीड़न के खिलाफ बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर का उपवास दूसरे दिन भी जारी रहा। उनकी मांगों के समर्थन में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने आल्हा चौक पहुंचकर समर्थन किया।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सेवकराम नंदवानी ने कहा कि कोरोना काल में सबसे ज्यादा यदि कोई पीड़ित हुआ है तो वह मध्य वर्ग है। सरकार को उनकी दिक्कतों पर तत्काल गौर करना चाहिए। व्यापार मंडल कोर कमेटी के अध्यक्ष प्रशांत कुमार गुप्ता, नगर अध्यक्ष बाबी साहू ने कहा कि सरकार गरीबों को आवास, मुफ्त राशन, आयुष्मान कार्ड जैसी तमाम सुविधाएं दे रही हैं लेकिन उस मध्य वर्ग के बारे में कुछ नहीं सोच रही है। बुंदेली समाज के महामंत्री डा. अजय बरसैया ने कहा कि सरकार कम से कम अस्पतालों में डाक्टर व स्टाफ तो दे सकती है। बिजली बिल तो माफ कर सकती है।
इस मौके पर व्यापारी नेता स्वप्निल गुप्ता, ज्ञान पुरवार, देवेंद्र तिवारी, सुरेश बुंदेलखंडी, अमरचंद विश्वकर्मा, कल्लू चौरसिया, डा. प्रभु दयाल व जसवंत सिंह सेंगर आदि मौजूद रहे।