महोबा। जिले में सक्रिय क्षय रोग खोज अभियान के तहत पांच दिन में टीबी रोग से पीड़ित 11 नए मरीजों की पहचान हुई है। अभियान में 27,340 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। जिनमें 328 लोगों में टीबी के संदिग्ध लक्षण मिलने पर उनका सैंपल लिया गया। नए टीबी रोगियों का डाट्स सेंटर पर उपचार शुरू कर दिया गया है।
टीबी के मरीजों की पहचान के लिए जिले में 10 अक्तूबर से सक्रिय क्षय रोग खोज अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान में टीबी के मरीजों की पहचान के लिए 40 टीमें लगाई गई हैं। यह टीमें घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। इस दौरान 328 लोगों में टीबी के संदिग्ध लक्षण पाए गए। संदिग्ध लक्षण वाले लोगों की बलगम की जांच कराई गई। जिसमें 11 लोगों में टीबी की पुष्टि हुई है। जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. जीआर रत्मेले ने बताया कि टीबी रोगियों को चिंहित कर उनका डाट्स सेंटर में इलाज भी शुरू कर दिया गया है। कार्यक्रम समन्वयक नरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि चिह्नित मरीजों का इलाज पूरा होने तक उन्हें 500 रुपये प्रति माह दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सक्रिय क्षय रोग खोज अभियान 23 अक्तूबर तक चलेगा। एक लाख लोगों की स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे पूर्व जिले में जून माह में चलाए गए सक्रिय क्षय रोग खोज अभियान में टीबी के 36 मरीज मिल चुके हैं।