{"_id":"6a91f2a5fd46fd4a6c06ad7a","slug":"two-arrested-in-theft-case-pistol-ammunition-and-lock-breaking-tools-recovered-maharajganj-news-c-206-1-mhg1001-184132-2026-08-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Maharajganj News: चोरी के मामले में दो गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस व ताला तोड़ने के उपकरण बरामद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Maharajganj News: चोरी के मामले में दो गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस व ताला तोड़ने के उपकरण बरामद
विज्ञापन
विज्ञापन
दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज
आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट की बाइक, देसी तमंचा, जिंदा कारतूस बरामद
महराजगंज। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों को जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी में वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने दबिश देकर अमित वर्मा (20) वर्ष और कृष्णा साहनी उर्फ चाई (18) वर्ष को गिरफ्तार किया। दोनों निचलौल थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-10 महाशय मोहल्ला के रहने वाले हैं। दोनों आरोपियों को पकड़ी नौनिया गेट से गिरफ्तार किया गया ।
विज्ञापन
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की बाइक, अमित वर्मा के पास से 303 बोर का देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। साथ ही चोरी की वारदात में ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दो लोहे की रॉड और 1,100 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
विज्ञापन
बरामदगी के आधार पर प्राथमिकी में धाराएं बढ़ाई गई हैं। वहीं अमित वर्मा के कब्जे से अवैध असलहा मिलने पर उसके खिलाफ अलग से अभियोग दर्ज किया गया है।
निर्भय सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है। अमित वर्मा के खिलाफ निचलौल थाने में चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कृष्णा साहनी उर्फ चाई के खिलाफ भी वर्ष 2024, 2025 और 2026 में चोरी से संबंधित प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद बाइक और चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।