नोटबंदी के खिलाफ निकाला मौन जुलूस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महराजगंज। जिला कांग्रेस कमेटी और यूथ कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को संयुक्त रूप से नगर के सक्सेना चौक से बांहों में काली पट्टी बांधकर मौन जुलूस निकाला। नोटबंदी का एक साल पूरा होने के बाद भी अर्थव्यवस्था पटरी पर न आने की बात कहते हुए कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना की। कार्यकर्ताओं ने नोटबंदी के दौरान मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर श्रद्धांजलि भी दी।
जुलूस में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर में भ्रमण कर केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले के प्रति विरोध जताया। सक्सेना चौक पर आयोजित सभा में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए युुवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजू कुमार गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के हित में अब तक कोई कार्य नहीं किया। केंद्र सरकार पर जन विरोधी नीति अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि किसानों, मजदूरों और छात्रों के साथ ही समाज के हर वर्ग के लोग जन विरोधी नीतियों से परेशान हैं।
उनका कहना था कि नोट बंदी के दौरान न जाने कितने लोग कतार में खड़े होने के दौरान मर गए। उनके परिजनों को सरकार ने फूटी कौड़ी तक नहीं दी। किसान आत्महत्या करने को विवश हैं। छात्रों को बेहतर शिक्षा के लिए भटकना पड़ रहा है। बेरोजगारी बढ़ी है। कांग्रेसी नेता अख्तर अब्बाशी ने कहा कि नोटबंदी के बाद से ही जनता कतार में है। न तो एटीएम से कैश निकल रहे हैं और न ही बैंक में ही पर्याप्त रकम समय से मिल पा रही है। डिजिटल इंडिया बनाने का दावा करने वाली सरकार को पहले नेटवर्क दुरुस्त करना चाहिए। आज भी गांव में मोबाइल का नेटवर्क ठीक ढंग से काम नहीं करता है। ऐसे में गांव के लोग डिजिटल लेन-देन कैसे कर पाएंगे। किसान अपनी उपज औने पौने दाम पर बिचौलियों को बेचने को विवश हैं। छोटे उद्यमी परेशान हैं, वहीं बडे़ उद्योगपतियों को सरकार प्रश्रय दे रही है।
विधि नारायण वर्मा व गोपाल शाही ने कहा कि नोटबंदी का दिन अर्थव्यवस्था व लोकतंत्र के लिए काला दिन रहा। इस वजह से काला दिवस मनाया जा रहा है। इस दौरान विनोद सिंह, जग्गू प्रसाद, रिजवान अहमद, आलोक रंजन पटेल, नूर आलम, जहीर खां, अफजल अब्बाशी, निठूरी सिंह, सेराजुद्दीन, शिव शंकर वर्मा, अखिलेश, विजय कुमार, त्रियुगी पटेल, दीनानाथ, जगदीश, राकेश, सोनू, मुराली सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।