Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   The devastation is most severe in Nichlaul, Dhani, and Ghughli; farmers are being turned away from procurement centers on the pretext of high moisture content.

Maharajganj News: अर्नब ने उजाड़ दी किसानों की उम्मीदें, 2105 ने दर्ज कराई बर्बादी की शिकायत

Thu, 12 Nov 2026 01:54 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Thu, 12 Nov 2026 01:54 AM IST
विज्ञापन
The devastation is most severe in Nichlaul, Dhani, and Ghughli; farmers are being turned away from procurement centers on the pretext of high moisture content.
महराजगंज। अक्तूबर के आखिरी सप्ताह में आए अर्नब तूफान ने जिले के किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी पकी धान की फसल गिर गई। निचले इलाकों में पानी भर गया और कटाई लटक गई। कुल 2105 किसानों ने नुकसान की शिकायत दर्ज कराई है।
विज्ञापन

अब जब किसी तरह किसानों ने पानी हटाकर कटाई कराई भी है, तो नई मुसीबत सामने आ गई है- धान में नमी। नमी अधिक होने के नाम पर क्रय केंद्र खरीद से पल्ला झाड़ रहे हैं, जबकि नियम कहता है कि 30 प्रतिशत तक नमी होने पर केंद्र खरीद से इन्कार नहीं कर सकते।
विज्ञापन

जनपद में इस बार 1.46 लाख हेक्टेयर भूभाग पर धान की बोआई हुई थी। फसल पककर तैयार थी और किसान कटाई की तैयारी कर रहे थे लेकिन अर्नब ने उनके अरमानों पर बेमौसम बारिश ने कहर बरपाया। विभागीय सर्वे में 30 से 35 फीसदी किसानों को प्रभावित बताया गया है। जिले में इस तूफान के बाद 2105 किसानों ने टोल फ्री नंबर पर नुकसान की शिकायत दर्ज कराई है। कृषि विभाग ने अब तक 91 किसानों का सर्वे पूरा कर लिया है, जिन्हें क्षतिपूर्ति दी जाएगी। सबसे अधिक नुकसान निचलौल, धानी, फरेंदा और घुघली ब्लॉक के निचले इलाकों में हुआ है।
विज्ञापन
विज्ञापन


आठ दिन तक पानी सूखने का किया इंतजार
अर्नब प्रभावित किसानों का कहना है कि तूफान के बाद खेतों में घुटने भर पानी भर गया था। वे आठ दिन तक पानी सूखने का इंतजार करते रहे। जब पानी नहीं सूखा तो पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालना पड़ा। उसके बाद हाथ से कटाई करनी पड़ी। हार्वेस्टर मशीन पानी भरे खेत में जा ही नहीं पा रही थी। इससे कटाई की लागत दोगुनी हो गई है। मजदूर भी पानी में उतरने को तैयार नहीं हैं और दोगुनी मजदूरी मांग रहे हैं। कुछ किसानों ने किसी तरह कटाई तो करा ली लेकिन अब धान में 35 से 40 फीसदी तक नमी के चलते क्रय केंद्र खरीद से पल्ला झाड़ रहे हैं। ऐसे में प्रभावित किसान धान सुखाने की जद्दोजहद कर रहे जिससे किसी तरह लागत ही निकल जाए। शासन का स्पष्ट आदेश है कि 17 प्रतिशत तक मानक नमी है लेकिन 30 प्रतिशत तक नमी वाला धान भी केंद्र को लेना होगा, जिसमें नमी के हिसाब से कटौती की जाएगी। केंद्र प्रभारी मानक से अधिक नमी बताकर किसानों को लौटा रहे हैं।

गेहूं की बोआई भी पिछड़ी
अत्यधिक पानी भरने के कारण गेहूं की बोआई भी पिछड़ गई है। जिन खेतों में धान की कटाई देर से हुई है, वहां अभी खेत तैयार नहीं हो पाए हैं। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि यदि 20 नवंबर तक गेहूं की बोआई नहीं हुई तो पैदावार पर असर पड़ेगा। किसानों को अब जीरो टिलेज या सुपर सीडर से बोआई की सलाह दी जा रही है।

कृषि विभाग ने शुरू किया प्रभावित किसानों का सर्वे
जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अर्नब तूफान से नुकसान का आकलन राजस्व विभाग की मदद से कराया गया। बीते दिनों विभाग ने तहसीलवार सर्वे कराया है। अब तक 91 किसानों का सर्वे पूरा कर क्षतिपूर्ति के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है। बाकी 2105 शिकायतों की जांच चल रही है। जिन किसानों की फसल 33 प्रतिशत से अधिक खराब हुई है, उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और आपदा राहत के तहत मुआवजा दिया जाएगा। सर्वाधिक फसल निचलौल के गंडक नदी परिक्षेत्र, धानी, घुघली व सदर ब्लॉक में हुई है। किसानों की मांग है कि क्रय केंद्रों पर नमी मापक यंत्र सही किया जाए और खरीद में तेजी लाई जाए। साथ ही तूफान से हुए नुकसान का मुआवजा जल्द दिया जाए, ताकि वे गेहूं की बोआई के लिए खाद-बीज का इंतजाम कर सकें। अर्नब तूफान ने सिर्फ फसल ही नहीं, किसानों की पूरी साल की योजना बिगाड़ दी है।

बोले किसान
25 बीघा धान की फसल तूफान में पूरी गिर गई। पंप लगाकर पानी निकाला। 4000 रुपये मजदूरी देकर कटाई कराई। अब क्रय केंद्र पर गए तो बोले नमी 24 प्रतिशत है, नहीं लेंगे। कहां ले जाएं यह समझ नहीं पा रहे।
- गजेंद्र सिंह, धानी
25 बीघा धान पककर तैयार थी लेकिन बेमौसम बारिश ने तबाह कर दिया। तीन दिन से सुखा रहा हूं। केंद्र पर सूखा धान मांग रहे हैं। किसी तरह कटाई हुई तो अब इसे सुखाने की दुश्वारी झेल रहे हैं।
- पियुष मणि त्रिपाठी, धानी
18 बीघा धान की फसल तैयार थी। अर्नब तूफान में सारी फसल खेत में बिछ गई। हार्वेस्टर वाला आने को तैयार नहीं था। हाथ से कटवाई तो लागत दोगुनी आ गई। अब मंडी में व्यापारी औने-पौने दाम मांग रहे हैं।
- राहुल पटेल, बड़हरामीर, सदर ब्लॉक
पूरा परिवार आठ दिन से खेत में ही लगा है। पानी में घुसकर धान काटना पड़ा। धान में नमी इतनी है कि क्रय केंद्र वाला गेट से ही लौटा दे रहा है। ऊपर से गेहूं की बोआई का समय निकला जा रहा है। सरकार मुआवजा दे तो कुछ राहत मिले।

- योगेन्द्र पांडेय, ग्राम सभा बौलिया बाबू
बोले अधिकारी
17 फीसदी तक नमी है तो धान क्रय करने से केंद्र इन्कार नहीं कर सकते। अगर नमी इससे अधिक है तो किसानों को नमी सुखाकर लाने के लिए कहा जा रहा है।
- अमित कुमार चौधरी, खाद्य विपणन अधिकारी, महराजगंज
बाेले अधिकारी
अर्नब से प्रभावित 2105 किसानों ने टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई है। प्राथमिकता के आधार पर पहले इन किसानों का सर्वे कराया जा रहा है। 91 की क्षतिपूर्ति रिपोर्ट बीमा कंपनी को भेज दी गई है। धानी, घुघली व सदर में राजस्व टीम भी आकलन कर रही है।
- संजीव कुमार पटेल, उप कृषि निदेशक महराजगंज
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed