श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महराजगंज। कार्तिक पूर्णिमा पर शनिवार को नदियों के घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई तथा दान कर पुण्य प्राप्त किया। जनपद के त्रिमुहानी नदी घाट, सिसवा क्षेत्र के गंडक नदी के बेलवा घाट, मकुनही घाट, रास्ताजोर घाट, छितौनी घाट, घुघली गंडक नदी घाट, झुलनीपुर स्थित त्रिवेणी घाट के अलावा सभी छोटी-बड़ी नदियों के घाटों पर भोर से ही स्नान के लिए जन सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने स्नान कर अन्न और गौ दान कर पुण्य लाभ लिया।
नगर से करीब 16 किमी दूर त्रिमुहानी घाट पर पूजा-अर्चना के बाद लोगों ने तट पर लगे मेले में जमकर खरीदारी की। नदी के घाटों पर जनरेटर से लाइट की व्यवस्था की गई थी। घाटों पर भक्ति गीत बज रहे थे। रोहिन नदी के घाट पर भोर से लोगों की चहल-पहल बढ़ गई थी। लोगों ने स्नान कर गौ दान भी किया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। हिंदू धर्म में कार्तिक माह का खास महत्व होता है। इस माह को सबसे पवित्र महीना माना जाता है, हिंदू धर्म में कार्तिक माह, कार्तिक व्रत, कार्तिक पूजा, कार्तिक स्नान का खास महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन संध्याकाल में भगवान विष्णु ने पहला अवतार लिया था, जो मत्स्यावतार के रूप में जाना जाता है। भगवान को यह अवतार वेदों, प्रलय के अंत तक सप्त ऋषियों, अनाजों एवं राजा सत्यव्रत की रक्षा के लिए लेना पड़ा था। आज के दिन किए जाने वाले स्नान, दान, हवन, यज्ञ व उपवास का अनंत फल प्राप्त होता है।
अड्डा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शनिवार को चंडीथान में डंडा नदी और दशरथपुर में रोहिन नदी के तट पर मेला लगा। यहां रात के वक्त रामलीला का मंचन हुआ। नदी के तट पर श्रद्धालुओं की लंबी भीड़ जुटी। बता दें, सीमा विभाजित करने वाली डंडा नदी के किनारे चंडीथान में नेपाल के मर्चवार और भारत के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे।
ठूठीबारी प्रतिनिधि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर दोमुहान घाट पर भारी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने गंगा मे डूबकी लगा गोदान किये। किसुनपुर ग्राम प्रधान राजकुमार सहानी व ग्रामीणों के सहयोग से कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बडे धूमधाम से मेले का आयोजन किया गया। चंदन नदी के दोमुहान घाट पर मेले का आयोजन किया गया। जिसको लेकर शनिवार की भोर में चंदन नदी के दोमुहान घाट पर स्नान करने के लिये भारी संख्या में भक्तों की टोली पहुंचने लगी। ठूठीबारी, मरचहवां, राजाबारी, नवडिहवां, रामनगर, किसुनपुर, पिपरडाढा, नौनियां, नौवाबारी, लोहरौली, गडौरा, बोदना, कटखोर, मैरी, करजा, बकुलडीहा, सुकरहर, बरगदवां, डगरुपुर, रमगढवां, शिशगढ, मंगलापुर, खैरहवां जंगल, खैराटी, सीहाभार, धुमठवां, अमहवां, बेलहियां, देवघट्टी आदि गांवों के भारी संख्या में श्रद्धालु भक्त दोमुहान घाट पर स्नान करने के लिए पहुंचे।