महराजगंज। होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी फरेंदा अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में बृजमनगंज कस्बे में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह भारी पुलिस बल के साथ कस्बे के प्रमुख मार्गों व संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरे।
पुलिस टीम ने बाजार, प्रमुख चौराहों एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल मार्च कर लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। फ्लैग मार्च का उद्देश्य जहां आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना रहा, वहीं असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना भी रहा। क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि त्योहारों के दौरान अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष नजर है। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने कस्बावासियों से आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।