फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   over crowd at bank of river and ponds on chhath parv

छठ महापर्व पर घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

Thu, 11 Nov 2021 12:21 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Thu, 11 Nov 2021 12:21 AM IST
विज्ञापन
over crowd at bank of river and ponds on chhath parv
छठ महापर्व पर घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
विज्ञापन

महराजगंज। छठ महापर्व के अवसर पर जिले के छठ घाटों पर बुधवार को श्रद्धा व आस्था का सैलाब दिखा। एक तरफ जहां निराजल व्रतियों ने घाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हुए पूजन-अर्चन किया, वहीं दूसरी तरफ जलाए गए दीपक से छठ घाट भी देर रात तक रोशन रहे।
नगर के बलिया नाला पुल, शास्त्री नगर, नेहरू नगर, अमरुतिया, पड़री समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित घाटों पर दोपहर बाद से ही व्रतियों का पहुंचना शुरू हो गया था। आमजन हों या विशिष्ट जन सभी ने अपनी वेदी पर पूरी श्रद्धा के साथ पूजन किया। कांच ही बांस के बहंगिया.., सभे व्रत करता..., जय छठी मैया, जोड़े-जोड़े फलवा सुरुज देव... समेत अन्य छठ के मधुर भक्तिगीतों के बीच व्रतियों व परिवार के सदस्यों ने इसे खास बना दिया। महिलाएं सूर्य उपासना के लिए घंटों पानी में खड़ी रहीं और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अपने घर के लिए रवाना हुईं। नौतनवा प्रतिनिधि के मुताबिक, नगर के विष्णुपुरी वार्ड व गुंडी में बने छठ घाट पर बड़ी संख्या में उमड़े व्रतियों ने अर्घ्य देकर अपनी श्रद्धा को प्रदर्शित किया। फरेंदा प्रतिनिधि के मुताबिक, फरेंदा कस्बे के दुर्गा मंदिर मानसरोवर व प्रेम पोखरा के साथ बनकटी पोखरे पर व्रती महिलाओं ने मंगल गीतों के बीच छठ मइया की पूजा-आराधना करते हुए अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। निचलौल प्रतिनिधि के मुताबिक, निचलौल नगर के कोर्ट मोहल्ला स्थित बौलिया तालाब, घोड़ाहवा के दामोदरी तालाब, बरगदवा, जिगनहवा, चमनगंज पुल, सात पांच पुल सहित आसपास के ग्राम ओबरी, बाली, खोन्हौली, पिपराकाजी, बुढाडीह, बहरौली, बैदौली, हरदी सहित कई घाटों पर महिलाओं ने अर्घ्य देकर पूजन किया।
विज्ञापन

चेयरमैन ने किया छठ घाट पर लगे शंख का अनावरण
नौतनवां। कस्बे के विष्णुपुरी स्थित छठ घाट पर लगे शंख का अनावरण बुधवार की दोपहर नगर पालिका परिषद नौतनवा के चेयरमैन गुड्डू खान ने किया। उन्होंने कहा कि घाट पर लगाया गया यह शंख घाट की शोभा बढ़ाने के साथ ही लोगों के मन को भी शांति पहुंचाने का कार्य करेगा। शाम के वक्त यहां का दृश्य काफी आकर्षक नजर आया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी बीरेंद्र कुमार राव, थानाध्यक्ष नौतनवा राजेश कुमार पांडेय, सभासद शाहनवाज खान, बंटी पांडेय, भानू कुमार, दिलीप जायसवाल, बृजेश मणि त्रिपाठी, गुड्डू जायसवाल, प्रमोद पाठक, अमित यादव, मो. शकील, विशाल जायसवाल, प्रधान लिपिक रमाशंकर सिंह आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

परसा खुर्द में मजिस्ट्रेट व पुलिस ने संभाली व्यवस्था
परतावल। छठ पर्व की संवेदनशीलता को देखते हुए श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम परसा खुर्द में 10 मजिस्ट्रेटों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मजिस्ट्रेट के रूप में उपायुक्त मनरेगा, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, वाणिज्य कर अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी व उपायुक्त व्यापार कर ने कमान संभाली तो पुलिस विभाग की तरफ से पुलिस उपाधीक्षक सदर के नेतृत्व में चार निरीक्षक, छह थाना प्रभारी, 36 उप निरीक्षक, दो महिला उप निरीक्षक, 194 हेड कांस्टेबल, 29 महिला कांस्टेबल, एक बटालियन पीएसी तथा अन्य सुरक्षाकमियों ने भी सांध्यकालीन अर्घ्य को सकुशल संपन्न कराया। वहीं पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट साईं तेजा सीलम ने भी परसा खुर्द समेत अन्य छठ घाटों पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली।
कोसी भरने के लिए लोगों में दिखा उत्साह
लगभग दो वर्ष तक कोरोना की वजह से पर्व को ठीक से न मना पाए लोगों ने इस बार विधि-विधान से पर्व मनाया। इस वर्ष कोसी भरने के लिए लोगों में काफी रुचि देखी गई। नए परिधानों में व्रती महिलाओं ने परिवार के संग छठ घाटों पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा की।
किन्नरों ने भी रखा उपवास
ठूठीबारी। सूर्य उपासना के छठ महापर्व पर कस्बे में रहने वाले किन्नरों ने भी उपवास रखा। सड़कहवा निवासी किन्नर पूनम अपने तमाम साथियों के साथ नाच गाना करते हुए चंदन नदी के तट पर पहुंच कर पूजा-अर्चना की और सूर्य को अर्घ्य देकर जनकल्याण की कामना की।
मन्नत पूरी होने पर लेटते हुए छठ घाट पहुंचीं ज्ञानती
मन्नत पूरी होने पर निचलौल क्षेत्र के सिधावे की ज्ञानती देवी घर से लेटते हुए छठ घाट पर पहुंचीं और छठ माता की पूजा-अर्चना कीं। उन्होंने बताया कि छठ माता व भगवान सूर्य की कृपा से उनकी मनोकामना पूरी हो गई है। श्रद्धास्वरूप उन्होंने मन्नत पूरी होने पर यह कार्य किया।
महिला आयोग की सदस्य ने मनाया छठ
राज्य महिला आयोग की सदस्य व पूर्व मंत्री चंद्रकिशोर की पत्नी अर्चना चंद्रा ने भी सदर ब्लॉक के पिपरा रसूलपुर में छठ मनाया। इस दौरान बड़ी संख्या में परिजन व ग्रामीण मौजूद रहे।
जेल में भी 15 महिलाओं ने रखा छठ व्रत
जिला कारागार में बंद 15 महिलाओं ने छठ व्रत रखा। व्रत की महत्ता को देखते हुए स्थानीय व विदेशी महिला बंदी भी सहभागी बनीं। वे व्रत तो नहीं थीं मगर उसे बेहतर ढंग से संपन्न कराने में अन्य व्रतियों से सहयोग किया। जेलर अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि जेल में भी पूरी श्रद्धा के साथ 15 महिलाओं ने व्रत रखा।

बृजमनगंज में छठ जागरण का हुआ आयोजन
बृजमनगंज कस्बे में स्थित छठ घाट पर आयोजित जागरण में कलाकारों ने भक्तिमय प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का भरपूर मनोरंजन किया। उनके गीतों को सुन सभी भावविभोर हो उठे। इस दौरान विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने छठ की महत्ता पर अपना प्रकाश डाला। इस दौरान दिलीप चौधरी, विवेका पांडेय, योगेंद्र यादव, राकेश जायसवाल, उदयराज, आशीष जायसवाल, जितेंद्र शर्मा, पंकज जायसवाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed