Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   For four days, those observing the fast will worship the Sun God and Chhathi Maiya with discipline and devotion.

Maharajganj News: नहाय-खाय के साथ आस्था के महापर्व छठ का आगाज

Sat, 14 Nov 2026 01:50 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sat, 14 Nov 2026 01:50 AM IST
विज्ञापन
For four days, those observing the fast will worship the Sun God and Chhathi Maiya with discipline and devotion.
महराजगंज। लोक आस्था के महापर्व छठ का आगाज शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गया। सुबह से ही व्रती महिलाओं ने स्नान कर शुद्धता के साथ भोजन ग्रहण किया और चार दिवसीय कठिन व्रत का संकल्प लिया। अब अगले चार दिनों तक छठ व्रती महिलाएं नियम और निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना करेंगी।
विज्ञापन

ज्योतिषाचार्य पंडित लोकनाथ तिवारी ने बताया कि छठ पर्व में शुद्धता, पवित्रता और अनुशासन का विशेष महत्व है। लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ हो गई है। शुक्रवार को व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों और गंगा घाटों पर स्नान किया और शुद्धता के साथ कद्दू-भात, चने की दाल और अरवा चावल का प्रसाद तैयार कर ग्रहण किया। वहीं शनिवार को खरना पर खरना (लोहंडा) का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा, जिसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा। तीसरे दिन यानी रविवार को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को पहला अर्घ्य देंगी, जबकि सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
विज्ञापन

बांस के सूप और डलिया की मांग बरकरार
आधुनिकता के बढ़ते दौर में बाजार में कृत्रिम और आकर्षक पूजन सामग्रियों की भरमार है, लेकिन छठ पर्व पर बांस से बने सूप और डलिया का क्रेज आज भी बरकरार है। इसका नजारा शुक्रवार को गड़ौरा मंडी परिसर निचलौल में लगे साप्ताहिक बाजार में देखने को मिला। यहां बांस से बने सूप और डलिया की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटी रही।
विज्ञापन
विज्ञापन

बांस की कारीगरी करने वाले परिवारों के पुरुषों और महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार सूप, डलिया और अन्य पूजन सामग्री की दुकानें सजाई थीं। व्रती महिलाओं के साथ पुरुषों ने भी जमकर खरीदारी की। कारीगर सोनू ने बताया कि इस बार बांस से बने उत्पादों की मांग पहले की अपेक्षा अधिक है। कई लोग घर पहुंचकर सामान बनाने का ऑर्डर भी दे रहे हैं। इससे पारंपरिक कारीगरों को रोजगार का अच्छा अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि बाजार में एक बांस की कीमत 300 से 500 रुपये तक है। इससे आकार के अनुसार करीब दो से तीन सूप तैयार किए जाते हैं। तैयार उत्पादों की कीमत उनकी बनावट और मेहनत के हिसाब से तय होती है। छठ पर्व के चलते इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है। पारंपरिक बांस के उत्पादों की बढ़ती मांग से कारीगर परिवारों के चेहरे पर भी खुशी है।
छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
महराजगंज। छठ पर्व पर श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने फरेंदा स्थित दुर्गा मंदिर छठ घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत आनंदनगर को क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाया जाए। प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग व्यवस्था की जाए, जिससे भीड़ का दबाव न बढ़े और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों और वालंटियर की तैनाती की जाए।
जिलाधिकारी ने एसडीएम फरेंदा को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला व्रतियों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए घाटों पर सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने को कहा। महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले अराजकतत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने घाटों पर पानी की गहराई और जलस्तर का आकलन कर संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने को कहा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नाव और गोताखोरों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी समय से तैयारियां पूरी कर लें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार वशिष्ठ, ईओ अनुज भारती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed