फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   Excavation for the water outlet at the portal; a village access path at the site, yet overgrown with thickets in places.

Maharajganj News: पोर्टल पर कुलावा खोदाई, मौके पर चकमार्ग तो कहीं झाड़-झंखाड़

Thu, 01 Oct 2026 02:31 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Thu, 01 Oct 2026 02:31 AM IST
विज्ञापन
Excavation for the water outlet at the portal; a village access path at the site, yet overgrown with thickets in places.
नेवास पोखर में धर्मपाल के घर से पूरब महेश के खेत तक कुलावा खुदाई कार्य, मौके पर कुलावा में पानी
वीबी-जी रामजी योजना के तहत पोर्टल पर दर्ज कार्य से अलग मिला मौके पर कार्य, महुअवा शुक्ल में चकमार्ग पर खोदाई का कार्य पोर्टल पर दर्ज
विज्ञापन

पनियरा के चार ग्राम पंचायतों में 345 श्रमिकों की दर्ज हुई हाजिरी, गेहुअना में बरसात से पहले साफ हो चुके कुलावे पर दर्ज हुई हाजिरी
महराजगंज। वीबी-जी रामजी योजना के तहत हो रहे कार्यों में पोर्टल पर दर्ज श्रमिकों की हाजिरी और मौके पर वास्तविक काम के बीच अंतर सामने आ रहा है। पनियरा ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों में कुलावा (पानी निकासी माध्यम) खोदाई और सफाई के नाम पर सैकड़ों श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की गई लेकिन मौके पर पहले से साफ कुलावे पर दोबारा कार्य दर्ज मिला तो कहीं मौके पर कुलावा ही नहीं था। वहीं, घुघली ब्लॉक के दो गांवों में मिट्टी कार्य के नाम पर हाजिरी दर्ज था लेकिन श्रमिक घास साफ करते मिले।
मंगलवार को पनियरा ब्लॉक के गेहुअना, औसानी, महुअवा शुक्ल और नेवास पोखर ग्राम पंचायतों में कुल 14 कार्यों के सापेक्ष 345 श्रमिकों की हाजिरी दर्ज की गई थी। बुधवार को कार्यस्थलों का जायजा लेने पर कई जगह पोर्टल पर दर्ज कार्य और मौके की स्थिति में अंतर दिखाई दिया। इससे कार्यों की वास्तविकता और हाजिरी के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विज्ञापन

ग्राम पंचायत गेहुअना में नहर से अवधेश मास्टर के खेत होते हुए ड्रेन तक कुलावा सफाई कार्य के लिए श्रमिकों की हाजिरी दर्ज की गई थी। मौके पर कुलावा साफ-सुथरा दिखाई दिया लेकिन वहां कोई काम होता नहीं मिला। ग्रामीणों के अनुसार बरसात शुरू होने से पहले ही इसकी सफाई करा दी गई थी। गांव के नरसिंह ने बताया कि इसी कुलावे पर उनका खेत है। इसकी सफाई पहले ही हो चुकी थी। वर्तमान में यहां कोई काम नहीं कराया जा रहा है। इसके बावजूद मंगलवार को गांव में दो कार्यों के सापेक्ष 71 श्रमिकों की हाजिरी दर्ज की गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

नेवास पोखर ग्राम पंचायत में धर्मपाल के घर से पूरब महेश के खेत तक कुलावा खोदाई कार्य की हाजिरी दर्ज की गई थी। मौके पर कुलावा पानी से भरा हुआ मिला। ऐसे में वहां खोदाई का कार्य किस तरह कराया गया, यह सवाल बना हुआ है। मंगलवार को यहां दो कार्यों के सापेक्ष 83 श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की गई थी।
महुअवा शुक्ल में दिखाया कुलावा की खोदाई, मौके पर चकमार्क
महुअवा शुक्ल ग्राम पंचायत में कोठी से मिठ्ठू लाल गुप्ता के खेत तक कुलावा खोदाई कार्य दर्ज किया गया है। मौके पर जांच करने पर वहां कुलावा दिखाई ही नहीं दिया। इसके बजाय चकमार्ग मिला और उस पर घास उगी हुई थी। एक तरफ जंगल की जमीन और दूसरी तरफ धान की फसल है। चकमार्ग पर गोबर रखकर अतिक्रमण भी किया गया है। ग्रामीण ठाकुर ने बताया कि कोठी से मिठ्ठू लाल के खेत तक कुलावा है ही नहीं। यहां बहुत पहले से चकमार्ग है। ऐसे में कुलावा खोदाई का कार्य कैसे हो सकता है। मंगलवार को यहां आठ कार्यों के लिए 112 श्रमिकों की हाजिरी दर्ज की गई थी।
औसानी में झाड़-झंखाड़ के बीच मिट्टी कार्य
ग्राम सभा औसानी में रहमान के चक से पूरब नाला तक संपर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य कराया जाना पोर्टल पर दर्ज है। मौके पर चकमार्ग झाड़-झंखाड़ से घिरा मिला। दोनों तरफ धान की फसल खड़ी है और खेतों में पानी भरा हुआ है। बुधवार को मौके पर 10 श्रमिक घास छिलाई करते नजर आए। औसानी टोला पिपरा दरगाह निवासी विजय ने कार्य की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां मंगलवार से काम हो रहा है। मंगलवार को दो कार्यों के सापेक्ष 79 श्रमिकों की हाजिरी दर्ज की गई थी।
घुघली में मिट्टी कार्य के नाम पर छिली जा रही घास
घुघली विकास खंड के गनेशपुर और पचरूखिया गांव में भी पोर्टल पर दर्ज कार्य और मौके की स्थिति में अंतर दिखाई दिया। गनेशपुर में तुलसीपुर बाजार से जमालुद्दीन के खेत तक खड़ंजे के दोनों तरफ मिट्टी कार्य कराए जाने की हाजिरी पोर्टल पर दर्ज है। वहीं पचरूखिया में पक्की सड़क से कर्बला तक पीडब्ल्यूडी रोड के दोनों तरफ मिट्टी कार्य दर्ज किया गया है। बुधवार को दोनों कार्यस्थलों का जायजा लेने पर श्रमिक घास छिलाई करते मिले। सड़क के दोनों तरफ खेतों में धान की फसल खड़ी है और पानी भरा हुआ है। मौके पर मिट्टी डालने या मिट्टी भराई से संबंधित कार्य होता दिखाई नहीं दिया। श्रमिक सड़क किनारे उगी घास को काटकर साफ कर रहे थे।
पनियरा की चार ग्राम पंचायतों में 345 श्रमिकों की हाजिरी दर्ज होने के बाद भी कई कार्यस्थलों पर वास्तविक काम की स्थिति स्पष्ट नहीं मिली। वहीं घुघली के गांवों में भी मिट्टी कार्य के बजाय घास छिलाई होती दिखाई दी। ऐसे में संबंधित अधिकारियों की ओर से स्थलीय सत्यापन कराए जाने और पोर्टल पर दर्ज कार्यों का मौके से मिलान किए जाने की जरूरत है।
वर्जन
औसानी में मंगलवार से काम हो रहा है। मौके पर कार्य की स्थिति कई सवाल खड़े करती है। ऐसे में कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता की जांच होनी चाहिए ताकि किसी तरह की अनियमितता न हो।
- विजय, औसानी टोला पिपरा दरगाह
इसी कुलावे पर मेरा खेत है। बरसात शुरू होने से पहले ही इसकी सफाई करा दी गई थी। वर्तमान में यहां कोई काम होता नहीं दिख रहा है। ऐसे में दोबारा सफाई के नाम पर दर्ज हाजिरी की जांच होनी चाहिए।

-नरसिंह, ग्राम पंचायत गेहुअना

कोठी से मिठ्ठू लाल के खेत तक कोई कुलावा नहीं है। यहां काफी पहले से चकमार्ग बना हुआ है। ऐसे में इस स्थान पर कुलावा खोदाई का कार्य दर्ज होना समझ से परे है। इसकी जांच होनी चाहिए।
-ठाकुर,महुअवा शुक्ल
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article