महराजगंज। जिले की बेटियां सोमवार को गोरखपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंडलीय हाॅकी टीम में स्थान बनाने के लिए पसीना बहाएंगी। रविवार को जिला स्तरीय महिला हाकी का ट्रायल हुआ जिसमें कुल 23 बालिकाओं ने हिस्सा लिया। इनमें से 12 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों की सूची मंडलीय ट्रायल में प्रतिभाग करने के लिए जारी किया गया।
खेल निदेशालय के निर्देशन में राज्यस्तरीय महिला हाॅकी प्रतियोगिता का आयोजन इसी माह 21 से 23 के बीच लखनऊ में होगा। इस प्रतियोगिता का जिला स्तरीय चयन ट्रायल रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम महराजगंज में आयोजित किया गया। जिला क्रीड़ा अधिकारी सरिता रानी और हाॅकी कोच आसिफ एकबाल की देखरेख में आयोजित चयन ट्रायल में विभिन्न इंटर कालेजों में पढ़ने वाली 23 बेटियों ने प्रतिभाग किया। सभी का प्रदर्शन ट्रायल में बेहतर रहा, लेकिन हाॅकी स्टिक के कुशल प्रयोग के आधार पर कुल 12 बेटियों का नाम मंडलीय टीम के लिए जारी किया गया। गोरखपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में यह चयन ट्रायल दोपहर दो बजे के बाद आयोजित किया जाएगा। इसमें जिसमें कुशीनगर, देवरिया व गोरखपुर की जिला स्तरीय टीम में से मंडलीय टीम का चयन होगा। जिला स्तरीय टीम में चयनित होने वाली बालिकाओं को जिला क्रीड़ा अधिकारी सरिता रानी ने उम्दा प्रदर्शन की शुभकामना देते हुए विदा किया। सुनील कुमार, अमित कन्नोजिया, अमरनाथ इत्यादि ट्रायल में मौजूद रहे।