Maharajganj News: भूसा बनाने वाली मशीन से निकली चिंगारी से राख हो रही गेहूं की फसल
बीते दिनों में गेहूं की फसल कटने के दौरान खेतों में आग लग गई। किसानों को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। क्योंकि पास में तालाब पोखरा नहीं होने कारण ज्यादा कठिनाई हुई। रविवार को खैंचा गांव के सिवान में आग लगने के बाद पास में कहीं पोखरी नहीं थी। पास के खेत में पंपिंगसेट लगाकर चलाया गया, इसके बाद आग पर काबू पाया गया।
विस्तार
महराजगंज जिले में आधुनिक कृषि यंत्र किसानों को राहत पहुंचाने के बजाय मुश्किल में डाल दे रहे हैं। कहीं कंबाइन मशीन से निकली चिंगारी तो कहीं भूसा बनाने वाली मशीन से निकली चिंगारी गेहूं की फसल को राख कर दे रही है।
खेत में लगी पूंजी सामने जलते हुए देखकर किसानों का दर्द बढ़ जा रहा है। जिन किसानों की फसल नहीं कटी है, वे जल्दी से कटाई कराने के लिए परेशान हैं। छोटी सी चूक किसानों के अरमानों को राख कर दे रही है। सिवान में आग लगने पर ज्यादातर जगहों पर नजदीक पोखरी नहीं है। नहरें भी सूखी हुईं हैं।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों में गेहूं की फसल कटने के दौरान खेतों में आग लग गई। किसानों को आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। क्योंकि पास में तालाब पोखरा नहीं होने कारण ज्यादा कठिनाई हुई। रविवार को खैंचा गांव के सिवान में आग लगने के बाद पास में कहीं पोखरी नहीं थी। पास के खेत में पंपिंगसेट लगाकर चलाया गया, इसके बाद आग पर काबू पाया गया।
करीब सप्ताह पहले पनियरा क्षेत्र के रजौड़ा खुर्द में भूसा बनाने वाली मशीन से निकली चिंगारी से दो एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख गई थी। बैदा गांव के सिवान में भी भूसा बनाने वाली मशीन से निकली चिंगारी से पांच एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख गई थी।
फसल जलने से आहत हैं किसान
खैचा गांव के किसान दीनानाथ वर्मा बताया कि मैंने कंबाइन मालिक से कहा कि गेहूं काटने के दौरान भूसा बनाने वाली मशीन नहीं चलाए, लेकिन वह नहीं माने। थोड़ी ही देर में मशीन से चिंगारी निकली और आग लग गई। एक एकड़ बीस डिस्मिल गेहूं की फसल जल गई। राजेन्द्र सिंह का कहना है कि दो एकड़ गेहूं की फसल जली है। भूसा बनाने वाली मशीन नुकसान दायक साबित हो रही है। रामबचन यादव व रामशब्द यादव ने बताया कि हम दोनों भाइयों की एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख गई है। गेहूं में जितनी पूंजी लगी थी, सब राख हो गई। बालमुकुंद फफककर बोले गुजर-बसर कैसे होगा। उन्होंने बताया कि लगभग एक एकड़ तीस डिस्मिल गेहूं की फसल जली है।
विधायक ने नुकसान की भरपाई कराने का आश्वासन दिया
पनियरा थाना क्षेत्र के खैंचा गांव के सिवान में रविवार को भूसा बनाने के दौरान चिंगारी से मशीन में आग लग गई। इससे तीस एकड़ किसानों की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई थी। इस तरह बैदा में भूसा बना रही मशीन में आग लग गई। इससे लगभग 30 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई थी। सोमवार को फसल जलने की सूचना पर खैंचा गांव में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर किसानों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
12 एकड़ फसल जलकर राख
ट्रैक्टर के साइलेंसर से निकली चिंगारी से लगी आग
चौक बाजार क्षेत्र के दरहटा में भूसा मशीन से भूसा बनाने के दौरान ट्रैक्टर के साइलेंसर से निकली चिंगारी से फसल में आग लग गई। करीब छह किसानों की तीन एकड़ गेहूं का फसल जल कर रख हो गई। ग्रामीणों ने सूझबूझ से आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, दरहटा के पश्चिम सिवान में एक भूसा मशीन स्थानीय किसान के खेत में भूसा बना रही थी। अचानक साइलेंसर से चिंगारी निकली और देखते ही देखते गेहूं के डंठल में आग लग गई। पछुआ हवा का झोंका इतना तेज था कि जबतक ग्रामीण आग बुझा पाते तबतक सुभावती देवी, महेंद्र, रविंद्र, धर्मेंद्र, सुभास पटेल, दुर्विजय पटेल, नंदलाल, मुखुत, ईश्वर, चंडी, मनोज, बनारसी, बिजुली, रामआसरे का करीब तीन एकड़ गेहूं की फसल जल गई। लेखपाल शिल्पी केसरी ने बताया कि क्षति का आकलन करके उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।