महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र में एक युवक को बाइक खरीदने के नाम पर ठग लिया गया। पीड़ित राहुल ने आरोप लगाया है कि अमित ऑटोमोबाइल के मालिक अमित गुप्ता और उनके सहयोगियों ने 92 हजार रुपये की ठगी की। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2025 को कमासिन खुर्द गांव के राहुल ने फरेंदा स्थित अमित ऑटोमोबाइल से हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक खरीदी। राहुल के अनुसार, बाइक की कीमत 92 हजार रुपये तय हुई थी। उन्होंने 75 हजार रुपये फोन-पे के माध्यम से और शेष 17 हजार नकद दिए। इस लेन-देन का वीडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद है। राहुल का आरोप है कि अमित गुप्ता ने अपने सहयोगियों नागेंद्र त्रिपाठी निवासी मोहनापुर, थाना पुरंदरपुर और संदीप कुमार त्रिपाठी निवासी मोगल्हा, पोस्ट बलुवा, जिला गोरखपुर के साथ मिलकर उनके पैसे का दुरुपयोग किया। उन्होंने बाइक के लिए 92 हजार रुपये का लोन स्वीकृत करवा दिया, जबकि राहुल ने पूरी राशि दे दी थी। राहुल ने कहा की उन्होंने जब अमित से इस बारे में बात की, तो वे टाल-मटोल करने लगे। उन्होंने कहा कि लोन गलती से हो गया है लेकिन उसने इसे रद्द करने से इनकार कर दिया। फरेंदा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया की तहरीर के आधार पर अमित गुप्ता, नागेन्द्र त्रिपाठी, संदीप कुमार त्रिपाठी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच चल रही है।