पोषण के लिए बना केंद्र ‘शोषण’ का शिकार
खनुआ (महराजगंज)। पूरा पोषण पूरा प्यार, हर बच्चे का है अधिकार। इस नारे को मूर्त रूप देने के उद्देश्य से नौतनवां तहसील क्षेत्र के खनुआ के हरदी डाली गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में बना आंगनबाड़ी केंद्र का भवन खुद ‘शोषण’ का शिकार है। केंद्र का संचालन प्राथमिक विद्यालय के एक कमरे में होता है। गांव में पांच आंगनबाड़ी केंद्र हैं, लेकिन भवन किसी का नहीं है। गांव में एकमात्र आंगनबाड़ी केंद्र को भवन की सौगात मिली, लेकिन वह भी अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई। भवन का निर्माण 15 साल पूर्व हुआ था, लेकिन इसमें केंद्र का संचालन 15 मिनट भी नहीं हुआ। इस संबंध में जब सीडीपीओ किरन जायसवाल से पूछा गया तो वह तत्काल हरकत में आईं और कहा कि समस्या के समाधान के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा। केंद्र पर 50 बच्चे पंजीकृत हैं। चार अन्य केंद्र आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के घर में संचालित होते हैं। आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन छोटे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी जरूरतों को पूरा करने के साथ ही किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और शिशुओं की माताओं की देखभाल के लिए होता है, लेकिन तस्वीर बयां कर रही है कि हरदी डाली गांव का यह आंगनबाड़ी केंद्र खुद देखभाल को मोहताज है।