ललितपुर। कोतवाली अंतर्गत शहर के मोहल्ला गोविंदनगर में एक माह पहले मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से सोने के जेवरात लूटने और जान से मारने की धमकी के आरोप में कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला गोविंदनगर निवासी तबस्सुम बानो पत्नी नसीव खां ने अपर जिला जज (डकैती) को एक प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बीते 29 अक्टूबर 2020 को सुबह लगभग छह बजे वह मॉर्निंग वॉक पर जा रही थी। अभी वह अपने घर से कुछ ही दूरी पर पहुंची तो मोहल्ला गोविंदनगर रावतयाना निवासी सलीम राईन, कलीम राईन, अलीम उर्फ भूरे, इदरीश, अमन, इमरान व छोटू ने उसे घेर लिया और कलीम ने कनपटी पर तमंचा अड़ा दिया और उक्त लोगों ने उसके गले से दो तोला की सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी जान से मारने की धमकी देकर लूट ली। जब वह चिल्लायी तो मौके पर कुछ लोग आ गये, जिन्होंने घटना देखी। जिसके बाद उक्त लोगों ने उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह घटना की रिपोर्ट लिखाने कोतवाली गयी, लेकिन उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गयी। न्यायालय के आदेश पर अब कोतवाली पुलिस ने उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।