बांसी/ललितपुर। ब्लाक जखौरा अंतर्गत ग्राम बांसी निवासी ग्रामीणों ने राजस्व कर्मी पर मतदाता आपत्तियों में गलत रिपोर्ट लगाने के आरोप को लेकर निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण उपजिलाधिकारी को शपथ पत्र देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया कि ग्रामीणों ने बाहरी लोगों के नाम मतदाता सूची में होने पर आपत्ति दर्ज कराई गई थी, जिसका निस्तारण बीएलओ को करना था, लेकिन संबंधित राजस्व कर्मी द्वारा गलत रिपोर्ट लगाई गई है। कई मतदाताओं के बाहर होने के प्रमाण लगाए गए। इसके बाद भी उन्हें बासी का निवासी बताया गया है। साथ ही बांसी में किराए से रहने के झूठे ब्यान लेकर रिपोर्ट लगाई गई है। इतना ही नहीं जिसके संबंध में आपत्ति नहीं की गई, उनका नाम भी आपत्ति में लिखकर गांव में वैमनुष्यता पैदा करने का काम किया गया है। कुछ लोगों ने बताया कि आपत्ति का निस्तारण फर्जी नाम व हस्ताक्षर कर दर्शाई गई है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर शैलेंद्र पाखरे, निहाल, रामप्रकाश, अनिल कुमार आदि के हस्ताक्षर बने हैं। उधर, ग्राम सिवनीखुर्द के लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया कि ग्राम सिवनीखुर्द की मतदाता सूची में मोहल्ला पिसनारी, नेहरू नगर के लोगों को शामिल कर लिया है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर शहरी मतदाताओं को ग्राम की सूची से पृथक करने की मांग की है। शिकायत पत्र पर मेहरवान सिंह, जाहर सिंह, रामकिशोर, जगदीश सिंह, मुरारी, शिवनारायण, ब्रजकिशोर, कल्लू किलेदार, पंचम शर्मा आदि के हस्ताक्षर अंकित हैं।