{"_id":"675b3b3251ea7225d30822f4","slug":"two-youths-from-kadesarakalan-died-in-an-accident-between-raipur-and-jabalpur-lalitpur-news-c-11-1-jhs1032-452415-2024-12-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lalitpur News: रायपुर से जबलपुर के बीच हादसे में कड़ेसराकलां के दो युवकों की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lalitpur News: रायपुर से जबलपुर के बीच हादसे में कड़ेसराकलां के दो युवकों की मौत
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कड़ेसराकलां/तालबेहट। रायपुर से जबलपुर के बीच पदमी चौराहा मंडला के पास भीषण ट्रक दुर्घटना में कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कड़ेसराकलां निवासी दो युवकों की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को सुबह दोनों के शव गांव आए, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
ग्राम कड़ेसराकलां मजरा कतरयाना निवासी कल्याण सिंह (30) पुत्र चंद्रभान सिंह ने करीब तीन माह पहले एक नया ट्रक फाइनेंस करवाया था। जिससे वह खुद चलाता था और क्लीनरी के लिए अपने पड़ोस में रहने वाले बलवीर सिंह (28) पुत्र प्रीतम सिंह को रख लिया था। मंगलवार की रात कल्याण सिंह ट्रक से रायपुर से जबलपुर के लिए लोहे के पाइप लेकर जा रहा था। बुधवार सुबह करीब 4 बजे जब वह पदमी चौराहा मंडल के पास पहुंचा तो आगे जा रहे सरिया लादकर जा रहे ट्रक के ड्राइवर ने ब्रेक लगा दिया। जिससे पीछे आ रहा कल्याण ट्रक पर काबू नहीं रख पाया और वह पीछे से सरिया के ट्रक में घुस गया। हादसे में कल्याण की मौके पर ही मौत हो गई और बलवीर ने वहां के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
बुधवार को घटना की जानकारी परिजनों को लगी तो चीख-पुकार मच गई। जानकारी लगते ही गांव के लोग उनके घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंच गए। गांव में मातम छा गया और कई घरों में चूल्हे तक नहीं चले। ग्रामीण दोनों के शवों का इंतजार करने लगे। बृहस्पतिवार को सुबह उनके शव गांव आए। दोपहर में तालाब के पास दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों ने बताया कि मृतक बलवीर की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। उसके पिता की मौत 20 वर्ष पूर्व हो चुकी है। उसका एक छोटा भाई एवं तीन वर्ष का लड़का है। उसके पास मात्र 50 डिसमिल जमीन है। उसी के ऊपर परिवार के भरणपोषण का जिम्मा था। वहीं मृतक कल्याण सिंह के दो पुत्र हैं जिनकी उम्र लगभग 7 और 10 वर्ष है।
विज्ञापन