रात भर रहा अंधेरा
गल्ला मंडी स्थित 66/33 विद्युत सब स्टेशन में स्थापित फीडर नंबर चार के माध्यम से शहर के मुहल्ला सदनशाह में बिजली आपूर्ति की जाती है। रविवार की रात आठ बजे सदनशाह मजार के पास स्थापित एक 250 केवी ट्रांसफार्मर से पहले तो एक फेस से बिजली आपूर्ति मिलना बंद हो गई। कुछ समय बाद पूरा ट्रांसफार्मर फुंक गया, जिससे मुहल्ले के उपभोक्ताओं के घर अंधेरा छा गया। मुहल्लेवासियों ने रात्रि में ही विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना दी, लेकिन रात्रि में ट्रांसफार्मर ठीक नहीं किया जा सका। सुबह होने पर ट्रांसफार्मर को चेक किया गया, लेकिन खराबी ठीक नहीं की जा सकी।
दोपहर में मुहल्लेवासियों ने अधिशासी अभियंता प्रशांत सिंह से ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत कर आपूर्ति सुचारु करने की मांग की, जिस पर उन्होंने उपखंड अधिकारी अखिलेश कुमार वर्मा को ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश दिए। इसके बाद शाम पांच बजे तक विद्युत विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर आने तक 400 केवीए की ट्रांसफार्मर ट्रॉली लगाकर बिजली आपूर्ति सुचारु की जा सकी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हर माह दर्जनों ट्रांसफार्मर तेल की कमी, मेंटीनेंस के अभाव व ओवरलोड के कारण फुंक रहे हैं। लेकिन, विभाग द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण उपभोक्ताओं से हर माह वसूली करने के बाद भी रोस्टर के अनुसार बिजली मुहैया नहीं कराई जा पा रही है, जिससे उपभोक्ताओं में रोष है।