डोंगराखुर्द /ललितपुर। थाना नाराहट क्षेत्र के गांव डोंगराखुर्द स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत एक अध्यापिका ने शिक्षा समिति के सदस्यों पर अभद्रता पूर्ण व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी। वहीं, ग्राम प्रधान क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं शिक्षा समिति के सदस्यों ने बीएसए को प्रार्थना पत्र देकर अध्यापिका द्वारा की गई अभद्रता एवं वित्तीय अनियमित्ताओं की जांच कराने की मांग की है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि 13 सितंबर को डोंगराखुर्द स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान डोंगराखुर्द कमलेश कुशवाहा, क्षेत्र पंचायत सदस्य दयाराम कुशवाहा अंबुज कुमार शिक्षा समिति के सदस्य विद्यालय में पहुंचे और अध्यापिका से शिक्षा व्यवस्था एवं धनराशि के खर्च से संबंधित पूछताछ की। आरोप है कि भुगतान से संबंधित जानकारी मांगने पर अध्यापिका अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगी और थाने में झूठा आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। शिक्षा समिति के सदस्यों ने उक्त अध्यापिका द्वारा सरकारी धन के व्यय में की जा रही अनियमित्ताओं की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र में भानूप्रताप सिंह, दीपेंद्र सिंह, रामनारायण तिवारी, अंबुज कुमार, बृजेश कुमार, रामानंद, ग्राम प्रधान कमलेश कुशवाहा आदि के हस्ताक्षर हैं।