शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी का आरोप
ललितपुर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर गणित एवं विज्ञान शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी बरतने का आरोप लगाया है।
ज्ञापन में कहा गया कि जिले में साढ़े तीन सौ पदों पर गणित व विज्ञान शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया अपनाई गई। इसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की गई हैं। सबसे पहले विद्यालयों के विकल्प भरवाने में गड़बड़ी हुई। विकल्प सूची में तमाम नजदीक व यातायात के साधन वाले विद्यालयों को छिपा लिया गया। मजबूरन, महिला एवं विकलांग अभ्यर्थियों को दूरदराज के स्कूल विकल्प में भरने पड़े। दूर अंचलों के अधिकतर विद्यालयों में सिर्फ एक विज्ञान व गणित का शिक्षक तैनात किया गया है। इनमें पूर्व माध्यमिक विद्यालय उल्दना खुर्द, पंडाखेरा व तरगुवां स्कूल आदि शामिल हैं। वहीं, अनेक महिला अभ्यर्थियों को दूरस्थ इलाके में स्थित पूर्व माध्यिमक विद्यालय ग्राम महोली, ननौरा, गुरसौरा स्कूल भेज दिया गया है। इसके अलावा पूर्व माध्यमिक विद्यालय टेनगा, नैगुवा कलां, बस्तगुवा, बरीखुर्द सहित अनेक स्कूलों में मनमाने तरीके से गणित व विज्ञान शिक्षकों की तैनाती कर दी गई है, जिससे कई विद्यालयों में एक से ज्यादा शिक्षक तैनात हो गए हैं। वहीं, अनेक स्कूल आज भी गणित व विज्ञान शिक्षकों के इंतजार में हैं।
इस प्रक्रिया में शामिल रहे शिक्षक एवं लिपिक की भूमिका संदिग्ध रही है। उन्होंने जिलाधिकारी से नियुक्ति में बरती गई गड़बड़ियों की जांच कराने की मांग की है। ज्ञापन पर संघ के मंडलाध्यक्ष अरविंद कुमार तिवारी, जिलाध्यक्ष रविकांत ताम्रकार, नीरज भदौरिया, कमलदास, शिवकुमार रजक, अंशु नामदेव आदि के हस्ताक्षर बने हैं।