ललितपुर। मड़ावरा में दो माह पूर्व एक चिकित्सक के घर हुई लाखों रुपए की बड़ी चोरी के मामले में एक बार फिर से एसटीएफ की टीम ने मड़वरा में डेरा जमा लिया है और चोरी के खुलासे के लिए अपने स्तर से जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मड़ावरा में बीते दो माह पूर्व एक अगस्त की रात को हुई 64 लाख 96 हजार रुपये से अधिक की चोरी प्रकरण में खुलासे के लिए उच्चाधिकारियों के आदेश पर एसटीएफ को जिम्मा सौंपा गया है। इस प्रकरण में पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री, एडीजी से भी खुद मिलकर खुलासे की मांग की थी और उच्च स्तरीय टीम से जांच कराने की मांग की थी। जिसके बाद मड़ावरा में हुई चोरी के खुलासे के लिए एसटीएफ की टीम को जिम्मा सौंपा गया था। बीते गुरुवार को एसटीएफ की टीम ने एक बार फिर से जनपद में दस्तक दी और चोरी प्रकरण से जुड़े मुख्य बिंदुओं पर जांच पड़ताल शुरु कर दी है। बीते सप्ताह डीआईजी ने भी जनपद भ्रमण के दौरान मड़ावरा पहुंचकर खुद चोरी के प्रकरण में घटना स्थल का निरीक्षण किया था और परिवार के सदस्यों से बात कर शीघ्र ही खुलासा किए जाने का आश्वासन दिया था। इस बड़ी चोरी के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग द्वारा स्वॉट टीम, सर्विलांस टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, फील्ड यूनिट की टीमों खुलासे के लिए जिम्मा सौंपा गया था, जिस पर टीमों ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य एकत्रित किए थे, लेकिन इस चोरी का अब तक खुलासा नहीं हो सका, जिसके चलते पीड़ित परिवार को प्रदेश स्तरीय अधिकारियों और मुख्यमंत्री स्तर तक शिकायत करनी पड़ी। मुख्यमंत्री तक मामला पहुंचने के बाद अब इसकी जांच एसटीएफ टीम द्वारा की जा रही है। अब जनपद में फिर से एसटीएफ टीम के पहुंचने से उक्त चोरी का खुलासा शीघ्र खुलने की उम्मीद फिर से बढ़ गई है।