तालबेहट (ललितपुर)। एक ही स्थान पर स्वास्थ्य और पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को तालबेहट ब्लाक के जमालपुर और बम्होरीसार स्वास्थ्य केंद्रों पर संपूर्ण स्वास्थ्य पोषण दिवस मनाया गया। इस दौरान कुपोषित बच्चों और महिलाओं को चिह्नितकर उचित इलाज मुहैया कराया गया। अब प्रत्येक माह के पहले बुधवार को यह दिवस मनाया जाएगा। अपर स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अल्पना बरतारिया ने तालबेहट के जमालपुर और बम्होरीसार स्वास्थ्यकेंद्र पर पहुंचकर इसका उद्घाटन किया।
उन्होंने बताया कि कुपोषण एक गंभीर समस्या है। इसे समाप्त करने के उद्देश्य से अब प्रत्येक माह के पहले बुधवार को स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस विभाग के समन्वय से कुपोषित, अति कुपोषित बच्चों एवं गर्भवती को स्वास्थ्य और पोषण संबंधी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। बुधवार को हुए जमालपुर स्वास्थ्य केंद्र में हुए परीक्षण में 77 कुपोषित और सात अति कुपोषित बच्चे मिले। इनमें से दो बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा गया। वहीं बम्होरी सार स्वास्थ्य केंद्र में परीक्षण पर 35 बच्चे अति कुपोषित और 40 बच्चे कुुपोषित मिले। यहां पर चिह्नित एक बच्चा पोषण पुनर्वास केंद्र भेजा गया। इस दौरान संयुक्त निदेशक डॉ. रेखारानी, मंडलीय प्रबंधक एनएचएम आनंद चौबे, एमओआईसी डा. नितिन तालबेहट सीडीपीओ प्रीति, डीसीपीएम गणेश और सीएचओ की टीम उपस्थित रही।