ललितपुर। कोरोना वायरस का खौफ लोगों में साफ दिखाई दे रहा है। स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दो दिन में 110 यात्रियों ने अपने ट्रेन के आरक्षण निरस्त करा लिए हैं। कोरोना वायरस के मरीज देश में दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। इस कारण जो लोग ट्रेनों से सफर करना चाह रहे थे, कहीं घूमने का कार्यक्रम बना रहे थे। उन्होंने ट्रेनों में अपने आरक्षण निरस्त करा लिए हैं। हालांकि, कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कांफ्रेन्सिंग के माध्यम से निर्देश दिए गए हैं कि अब तक जिले में कोरोना का कोई मरीज नहीं है। यदि किसी व्यक्ति में कोरोना के लक्षण दिखाई देते हैं तो तत्काल जिला चिकित्सालय को सूचित करें। सामान्य व्यक्ति को मास्क या सेनेटाइजर की भी आवश्यकता नहीं है, लोग हाथ मिलाने की जगह नमस्कार करें, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से दूर रहें, यह वायरस हवा में क्रियाशील नहीं है। इससे बचाव के लिए लोगों को व्यापक रुप से जानकारी दी जा रही है, इससे डरने की नहीं अपितु एहतियात बरतने की आवश्यकता है। जो लोग ट्रेनों में आरक्षण कराए थे, उन्होंने 16 मार्च को 60 टिकट निरस्त कराए। इन साठ टिकटों पर 145 यात्रियों का आरक्षण था। इसी तरह 17 मार्च को 51 टिकट निरस्त कराए। इसमें 159 यात्रियों ने आरक्षण कराया था। ज्यादातर लोग छुट्टियां मनाने के लिए अहमदाबाद और पहाड़ी क्षेत्रों में जा रहे थे।