अपने ही बढ़ा रहे पार्टी उम्मीदवारों की परेशानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ललितपुर। जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव में उतरे विभिन्न पार्टियों के उम्मीदवारों को विपक्षियों से कम, अपनों से ज्यादा नुकसान होने का खतरा सता रहा है। विशेषकर बहुजन समाज पार्टी व भारतीय जनता पार्टी में कई नेता बगावत का झंडा बुलंद किए हुए हैं। कोई सीधे मैदान में उतर गया है, तो कोई पर्दे के पीछे से पार्टी उम्मीदवारों को नुकसान पहुंचा रहा है। हालांकि, इस मामले में बहुजन समाज पार्टी के तेवर काफी सख्त दिखाई दे रहे हैं और पार्टी ने कई बगावतियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
जिला पंचायत सदस्य एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव चल रहा है, जिसमें विभिन्न पाटिर्यों ने अपने समर्थित उम्मीदवार उतारे हैं। समाजवादी पार्टी को छोड़कर अन्य दलों ने अपने समर्थित उम्मीदवारों की सूची भी जारी की है। उम्मीदवारों की सूची जारी होने से कई नेताओं ने बगावती तेवर अपनाने शुरू कर दिए हैं, जिससे पार्टी के उम्मीदवारों को सीधा नुकसान पहुंच रहा है। कई नेता तो पर्दे के पीछे से उम्मीदवारों को हराने का काम कर रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी ने ऐसे आधा दर्जन नेताओं को चिह्नित कर बाहर का रास्ता दिखा दिया है। वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी भी लगभग ऐसी ही स्थिति से गुजर रही है।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामरतन कुशवाहा ने कहा कि अधिकृत उम्मीदवार के विरुद्ध चुनाव लड़ना अनुशासनहीनता माना जाएगा। लेकिन, इसके बाद भी बागी उम्मीदवार मैदान में डटे हुए हैं। सपा भी बागियों से परेशान है। हालांकि, पार्टी ने पहले ही अधिकृत उम्मीदवार उतारने से मना कर दिया था, लेकिन अधिकांश सीटों पर समाजवादी पार्टी के नेता चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन, पार्टी के उम्मीदवार अपने ही दल के नेता के खिलाफ चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं, जिससे उम्मीदवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बसपा से निष्कासित
ललितपुर। बहुजन समाज पार्टी के बुंदेलखंड प्रभारी व विधान परिषद सदस्य तिलक चंद्र अहिरवार, नौशाद अली व सतीश जाटव की संस्तुति पर बहुजन वालंटियर फोर्स के विधानसभा क्षेत्र संयोजक जाखलौन अर्जुन लाल अहिरवार, विधानसभा क्षेत्र महासचिव धर्मेंद्र अहिरवार और जाखलौन के भरत लाल अहिरवार को वार्ड नंबर आठ जाखलौन से पार्टी की जिला पंचायत सदस्य पद की प्रत्याशी सीमा देवी पत्नी बाबूराम अहिरवार के विरोध में चुनाव मैदान में उतरने पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह जानकारी जिलाध्यक्ष जानकी प्रसाद अहिरवार ने दी है।