ललितपुर। शहर के कुछ अधिवक्ताओं ने मुख्य सचिव मध्य प्रदेश शासन के नाम एक ज्ञापन सोमवार को उप जिलाधिकारी को सौंपा। इसमें आरोप लगाया कि बीती रात अराजक तत्वों ने मंदिर की मूर्तियां खंडित कर दी हैं। इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उप जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया कि जिला टीकमगढ़ स्थित ग्राम लिधौरा में प्राचीन राधे-कृष्ण भगवान का मंदिर है, जिसमें भगवान श्रीराम, सीता जानकी, राधे-कृष्ण और बजरंगबली की प्राचीन मूर्तियां विराजमान हैं। इस मंदिर में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। 3 जनवरी को रात में अराजक तत्वों ने मंदिर की मूर्तियां खंडित कर दी हैं। भगवान बजरंगबली की 300 वर्ष पुरानी मूर्ति क्षतिग्रस्त होने से समस्त हिंदू धर्म के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। इस घटना से लोगों में रोष व्याप्त है। उन्होंने दोषी व्यक्तियों की गिरफ्तारी कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन पर अनुराग सिंह लोधी, मुकेश कुमार लोधी, शशिकांत सिंह लोधी, धनीराम सिंह राजपूत, देव सिंह राजपूत महेशपुरा आदि के हस्ताक्षर हैं।