ललितपुर। पीएन इंटर कॉलेज और नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज में डीएलएड की परीक्षा में 14 शिक्षक एवं शिक्षिकाएं ड्यूटी करने नहीं पहुंचे, जिस पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने सभी अनुपस्थित शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को तत्काल प्रभाव से प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
डीएलएड प्रशिक्षण 2019-चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा शहर में स्थित तीन केंद्रों पर 27 सितंबर से 29 सितंबर तक आयोजित की जा रही है। इसके लिए नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज एवं पीएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों ने बीएसए से विभागीय अध्यापकों की ड्यूटी लगाने की मांग की थी लेकिन सोमवार को नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज में लगाई गई ड्यूटी के अनुसार उप्रावि बजर्रा में तैनात अध्यापक अभिषेक सोनी, प्रावि बादरौन के कृष्ण कुमार बरया, उप्रावि सतरवांस के विनय रजक, प्रावि बैरवारा की सोनी अग्रवाल, प्रावि सिवनीखुर्द की शिक्षिका प्रीति पटेल एवं संतोषी उक्त डीएलएड की चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा में परीक्षा केंद्र पर उपस्थित नहीं हुईं, जिससे परीक्षा में बाधा हुई। इसी प्रकार पीएन इंटर कॉलेज में आयोजित उक्त डीएलएड की परीक्षा में विकास खंड जखौरा के प्रावि गैंचवारा के शिक्षक नरेंद्र कुमार वर्मा, प्रावि नदनवारा के मुकेश कुमार, विकास खंड बिरधा अंतर्गत कंपोजिट बिरारी के शिक्षक प्रदीप कुमार जैन, प्रावि बरौदिया राइन की शिक्षिका आराधना नामदेव, जखौरा विकास खंड के उप्रावि रोंड़ा की शिक्षिका मधु खरे, बिरधा के अंतर्गत प्रावि जहाजपुर के शिक्षक आकाश खरे, प्रावि पटौआ के महेश कुमार एवं प्रावि भारौन के शिक्षक शैलेंद्र सिंह अनुपस्थित रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामप्रवेश ने उक्त सभी 14 शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को परीक्षा केंद्रों में उपस्थित न होकर परीक्षा में बाधा उत्पन्न का प्रयास करना और उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना करना पाते हुए प्रतिकूूल प्रविष्टि प्रदान की है।