ललितपुर। सफाई कर्मियों के विभिन्न संगठनों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का निदान कराने की मांग की है। आउट सोर्सिंग सफाई कर्मियों को हर माह की पांच तारीख तक वेतन दिलाने की मांग की।
उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ, उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ एवं महादलित परिसंघ के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि स्थायी सेवानिवृत्त कर्मचारियों में ऐसे कई हैं, जिनका भुगतान एवं पेंशन बढ़ोत्तरी की मांग चल रही है। कई संविदा सफाई कर्मचारियों का एरियर अटका है। संविदा सफाई कर्मचारियों का वेतन शासनादेश के अनुसार 22,945 रुपये दिए जाए। आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारियों का साप्ताहिक अवकाश देने, संविदा सफाई कर्मचारी की मृत्यु हो जाने पर आश्रितों को काम पर रखने, महिलाओं को आउट सोर्सिंग पर रखने, संविदा एवं आउट सोर्सिंग कर्मचारियों का पीएफ काटने, हर महीने सफाई से संबंधित उपकरण दिलाने की मांग की है। ज्ञापन पर कुंजबिहारी बाबरा, मंजीत करौसिया, दीपक घावरी, विनीत बाबा, अजय कुमार, बृजेश, यशपाल, नरेंद्र कुमार, राजकुमार, अमरदीप आदि के हस्ताक्षर हैं।