यूपी: परिवार पर गिरी गाज, बच्चे की मौत, माता-पिता झुलसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले में अलग-अलग स्थानों पर गाज गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि माता-पिता झुलस गए। एक मंदिर के ऊपर गाज गिरने से कलश नीचे गिर गया। जबकि, एक महिला जख्मी हो गई। थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम धौर्रा के मोहल्ला आठ नंबर सहरिया बस्ती में मोहित (13) पुत्र मोहन कुचबंदिया शनिवार की शाम को घर में कुर्सी पर बैठकर चाय पी रहा था, जबकि उसका पिता मोहन कुछ दूर घर की चौखट पर बाहर बैठा था। मां मीराबाई खाना बना रही थी। गांव में बरसात हो रही थी। इसी दौरान तेज गड़गड़ाहट की आवाज के साथ उसके घर पर गाज गिर गई, जिससे मोहित और उसका पिता मोहन अचेत हो गया, जबकि मां मीराबाई झटका लगने से जख्मी हो गई।
यह देख पड़ोसियों ने एंबुलेंस मंगाकर सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहन व मीराबाई का उपचार कराया। मोहन अधिक झुलस जाने के कारण उसे भर्ती कर लिया गया।
वहीं, ग्राम धौर्रा के रेलवे लाइन पार निवासी जाहिद अली (30) पुत्र चुन्नू शाह शनिवार की शाम को गांव से दूर खेत से बाइक से अपने भाई वाहिद अली एवं साथी प्रदीप कुशवाहा के साथ घर लौट रहा था। वह नाले पर पहुंचा, उसमें बहाव अधिक था, तो उसने साथियों को बाइक से दूसरी ओर छोड़ दिया और वहां से निकल रही एक बुढ़िया को लेकर दूसरी ओर जाकर रुक गया, उसी दौरान बरसात होने लगी और गाज गिर गई, जो उसे छूती हुई निकल गई। इस कारण वह झुलसकर अचेत हो गया। नाले के दूसरी ओर खड़े साथी उसे जिला अस्पताल लेकर गए, उसका उपचार कर भर्ती कर लिया गया, जहां इलाज चल रहा है।
उधर, कस्बा पाली में शनिवार को दोपहर बाद तेज बरसात हुई। इसी दौरान तेज गरजना के साथ सीतामढ़ी आश्रम के मंदिर शिखर पर गाज गिर गई। मौके पर मौजूद मंदिर के पुजारी एवं श्रद्धालुओं ने बताया कि गाज रामजान की मंदिर के एक छोटे शिखर पर गिरी, जिससे उसका कलश जमीन पर आ गिरा। गाज का तेज इतना था कि मंदिर के आसपास करंट फैल गया। हालांकि, अन्य कोई नुकसान नहीं हुआ। इसी तरह ग्राम सिमरधा में जामुन के पेड़ पर गाज गिरी, जिसकी चपेट में आने से ग्रामीण महेंद्र लोधी की दो गायों की मौके पर मौत हो गई।
ग्राम सौंरई में आंगनबाड़ी कर्मचारी श्रीबाई पत्नी स्व. हल्कूराम वर्मा अपने घर पर सो रही थी। अचानक पानी बरसने लगा और गाज गिर गई। जिससे श्रीबाई का दाया धड़ झुलस गया। उसके पुत्र भगीरथ ने अचेत अवस्था में मां को पड़ोसियों की मदद से मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद छुट्टी कर दी गई।