ललितपुर। अग्निपथ की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने सोमवार को स्टेडियम से निकालने और रजिस्ट्रेशन के नाम पर रुपये मांगने के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुुलिस मौके पर पहुुंच गई और अभ्यर्थियों की समस्या जानकर निस्तारण का आश्वासन दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
अग्निपथ भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने सोमवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में उन्हें तैयारी करने से रोकने और रजिस्ट्रेशन के नाम पर रुपये लेने के विरोध में सड़क पर पैदल चलकर प्रदर्शन करते हुए घंटाघर पहुंचे। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अभ्यर्थियों को रोककर उनकी समस्या सुन निस्तारण कराने के लिए अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। अभ्यर्थियों ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा को ज्ञापन देकर आरोप लगाया कि उन्हें जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैयारी करते समय बीच में ही भगा दिया। पुलिस को सूचना दी कि स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों ने तोड़फोड़ व बदसलूकी की। साथ ही धमकी दी कि नौकरी व अग्निपथ में भर्ती नहीं होने देंगे। आरोप है कि उनका पुलिस सत्यापन नहीं होने देने तक की धमकी दी गई। जब उन्होंने रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कहा तो उन्हें रसीद नहीं देने की बात कही। अभ्यर्थियों ने कहा कि उनके पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह रजिस्ट्रेशन के 350 रुपये भी दे सकें। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि खिलाड़ियों को पूूर्ण सुविधा दी जाए। सभी आर्मी, अग्निवीरों के पुलिस सत्यापन में कोई भी दिक्कत न आए। ज्ञापन पर रामसेवक, दीपक, आशीष, आदिल, राजीव, अतुल, नरेंद्र, संजय, अमित, विशाल, रिंकू, आशीष प्रजापति, सुमित, कृष्णकांत के हस्ताक्षर हैं।