ललितपुर। जिलाधिकारी अन्नावि दिनेश कुमार की अध्यक्षता में रविवार को जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। इसमें जनपद में औद्योगिक विकास के लिए ग्राम बीद्याखेत टोल टैक्स के निकट 17 एकड़ से अधिक भूमि औद्योगिक भूखंडों के लिए चिह्नित करने के बारे में बताया गया, जिसकी सभी उद्यमियों ने प्रशंसा की।
जिला उद्योग बंधु की बैठक में रविवार को जिलाधिकारी ने उद्योग की कई समस्याओं पर विशेष निर्देश जारी किए। इसमें मे. श्रीबालाजी ग्रेनाइट के विद्युत शुल्क छूट के संबंध में अधिशासी अभियंता, विद्युत सुरक्षा द्वारा समय पर स्वीकृति न देने पर उपायुक्त उद्योग को इनके विरुद्ध निदेशक विद्युत सुरक्षा को पत्र लिखने के निर्देश दिए गए। व्यापारियों द्वारा जनपद में उद्योगों के विकास के लिए नए औद्योगिक आस्थान के निर्माण, बल्क ड्रग पार्क, हवाई अड्डा निर्माण के सतत प्रयासों के लिए जिलाधिकारी को बुके एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही उद्योगों की समस्याओं का निदान करते हुए उन्हें सुरक्षा प्रदान किए जाने का जिलाधिकारी से अनुरोध किया ताकि नए औद्योगिक वातावरण में बाहरी उद्यमी भी निश्चित होकर बिना विरोध किए अपना उद्योग स्थापित कर सकें। डीएम ने बांसी के निकट चल रहे क्रशर उद्योगों के लिए विद्युत व्यवस्था के लिए एक पालिसी बनाकर तीन माह के अंदर संयोजन किए जाने के निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत को दिए गए। मिनी औद्योगिक आस्थान, तालबेहट/बार के विद्युतीकरण के लिए एक प्रस्ताव आयुक्त एवं निदेशक उद्योग को भेजने के निर्देश उपायुक्त उद्योग को दिए गए। बैठक में औद्योगिक आस्थान, चंदेरा के उद्यमियों के लिए रोड, नाली आदि के समस्या का निराकरण बैठक में किया गया। जिलाधिकारी ने उद्यमियों को अवगत कराया कि जनपद में इंवेस्टर्स समिट के दौरान बाहर से जिन उद्यमियों ने एमओयू साइन किया था उन्हें भूमि उपलब्ध कराया जा रहा है। नगरपालिका द्वारा गृहकर स्वकर प्रणाली में औद्योगिक आस्थान के भूखंडों में सर्किल दर के स्थान पर उद्योग विभाग की दर के आधार पर शुल्क लगाने पर आख्या मांगी गई। जनपद में किसी भी इकाई द्वारा औद्योगिक सुरक्षा के संबंध में कोई मामला संज्ञान में नहीं आया।