ललितपुर। थाना जाखलौन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंदरगुढ़ा जा रही एक कार असंतुलित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में कार चालक शिक्षिका की मौत हो गई तथा एक छात्रा नहर में बहकर लापता है। जाखलौन पुलिस तैराकों के साथ नहर में छात्रा की खोज कर रही है, पर अब तक कोई पता नहीं चला है।
थाना कोतवाली क्षेत्र के नेहरु नगर चौकी अंतर्गत मोहल्ला जुगपुरा निवासी शिक्षिका विभा चौधरी (45) पत्नी बृजराज चौधरी शनिवार को दोपहर में लगभग पौने तीन बजे अपने पति बृजराज चौधरी एवं मोहल्ला जुगपुरा निवासी नीतू कुशवाहा (19), रोशनी राजपूत (20) पुत्री रामकुमार, आयुषी (20) पुत्री पूरन राजपूत एवं छात्र गौरव के साथ ग्राम बंदरगुढ़ा अपनी कार से घूमने जा रहे थे। अभी वह जाखलौन से बंदरगुढ़ा रोड पर नहर किनारे ही चल रहे थे कि घुमावदार रोड होने के कारण कार चालक शिक्षिका का अचानक संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे बंदरगुढ़ा नहर में जा गिरी। शिक्षिका के पति ने किसी प्रकार कार के दरवाजे को कांच तोड़कर आयुषी, रोशनी व गौरव को नहर के आसपास मौजूद अन्य लोगों की मदद से सुरक्षित निकाला। छात्रा नीतू कुशवाहा जैसे ही कार से बाहर निकली, नहर के पानी में तेज बहाव के साथ बह गई। शिक्षिका को जब तक कार से बाहर निकाला गया, तब तक काफी देर हो चुकी थी। विभा के पति व छात्राएं किसी प्रकार किसी वाहन से उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत शिक्षिका को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मौजूद छात्रा रोशनी ने बताया कि वह सभी एक ही मोहल्ले के ही रहने वाले हैं। शिक्षिका के साथ शनिवार को सभी घूमने के लिए बंदरगुढ़ा जा रहे थे। मरने वाली शिक्षिका प्राइमरी स्कूल में अध्यापक थीं। जानकारी मिलने पर थाना जाखलौन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और नहर को बंद कराकर छात्रा की खोजबीन में जुट गई। शिक्षिका विभा चौधरी ग्राम जीरोन के विद्यालय में तैनात थी। शिक्षिका के पति सूबेदार हैं और वह छुट्टियों में आए हुए थे और वह आगरा के रहने वाले हैं।