दो सौ में 60 गायों की बोली लगाकर हुई नीलामी
महरौनी। शुक्रवार को सैदपुर स्थित राजकीय पशुधन एवं कृषि प्रक्षेत्र फार्म में 200 गायों में से 60 गायों की नीलामी की गई। इसमें सर्वश्रेष्ठ बोली एक गाय की 23500 रूपये लगाई गई।
सैदपुर स्थित राजकीय पशुधन एवं कृषि प्रक्षेत्र फार्म में गाय व बछियों की नीलामी प्रक्रिया सीवीओ डा. सूर्य प्रताप सिंह व फार्म मैनेजर उपेंद्र नाथ सिंह की देखरेख में हुई। गायों की नीलामी के लिए क्षेत्र समेत जनपद के कई गांव व कस्बों के लोग पहुंचे। इनमें ग्राम लरगन, गढ़ौली, सैदपुर, नैनवारा, दरौना, खिरिया, कुआं घोसी, मिदरवाहा, पठा, सिंदवाहा, तालबेहट, मैनवार, गुढ़ा क्षेत्र के किसान शामिल रहे। यहां लोगों ने पहुंचकर आधार कार्ड के साथ दो हजार रूपये की राशि जमा कर रसीद कटवाई। इसके बाद नीलामी में हिस्सा लेकर अपनी पसंद की गायों व बछियों का चयन किया। इसके बाद खुली नीलामी अधिकारियों व लोगों के सामने हुई। लोगों ने अपनी गाय बछिया को पसंद कर बोली लगाकर नीलामी प्रक्रिया के अंतर्गत क्रय किया। फार्म पर 200 गायों की नीलामी प्रक्रिया होनी थी, इसमें 60 गाय नीलामी प्रक्रिया में बिक्री की गई। इस दौरान डेरी प्रभारी भुवनेश कुमार, पशुचिकित्सा अधिकारी डा. राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।