IND vs AUS Final: छठ पूजा पर भारत की जीत की कामना, मैच देखकर व्रती महिलाओं ने अनूठे अंदाज में उतारी आरती
IND vs AUS World Cup Final: लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर में छठ पूजा पर व्रती महिलाओं ने रविवार शाम को अस्त होते सूर्य देव को अर्घ्य देने से पहले भारतीय टीम की प्रतीकात्मक रूप से आरती उतारी। उन्होंने छठी मईया से टीम इंडिया की जीत के लिए कामना की।
विस्तार
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्रिकेट विश्व कप का फाइनल मैच खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 240 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के आगे भारतीय बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर सके। अब पूरा दारोमदार गेंदबाजों के ऊपर है। इंडिया की जीत के लिए देशभर में दुआओं का दौर जारी है। लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर में छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं ने भारत की जीत के लिए छठी मैया से कामना की।
संपूर्णानगर में छठ घाट पर पूजा की वेदी पर व्रती महिलाओं ने रविवार शाम को अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देने से पहले भारतीय टीम की प्रतीकात्मक रूप से आरती उतारी। व्रती महिलाओं ने मोबाइल स्क्रीन पर मैच देखते पूजा अर्चना की और टीम इंडिया की जीत के लिए दुआ की। इसके बाद महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य दिया। लखीमपुर खीरी के अलावा शाहजहांपुर और बरेली में भी भारतीय टीम की जीत के लिए हवन पूजन कर कामना की गई।
बरेली में हुआ हवन पूजन
बरेली में मैच शुरू होने से पहले टीम इंडिया की जीत के लिए जगह-जगह हवन-पूजन किए गए। जगह-जगह बड़ी स्क्रीन पर मैच के सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई। शहर के श्री शिरडी साईं सर्वदेव मंदिर में रविवार सुबह टीम इंडिया की जीत की कामना करते हुए हवन किया गया। मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने कहा कि टीम इंडिया की जीत के लिए ईश्वर से कामना की गई है। उन्हें विश्वास है कि भारतीय खिलाड़ी फाइनल जीतकर इतिहास रचेंगे।
शाहजहांपुर में भी हुआ हवन
शाहजहांपुर के ओसीएफ रामलीला मैदान में ब्रह्मदेव स्थान पर क्रिकेट प्रेमियों ने रविवार सुबह हवन-पूजन किया। इस दौरान मंत्रोच्चारण के बीच हवन में आहुतियां अर्पित की गईं। कैंट के पूर्व उपाध्यक्ष गजेंद्र गंगवार के नेतृत्व में तमाम युवा ओसीएफ रामलीला मैदान में ब्रह्मदेव स्थान पर एकत्रित हुए। वेदी बनाकर हवन-पूजन किया गया। पंडित ने मंत्रोच्चारण किया और आहुतियां अर्पित कराई। इस दौरान टीम इंडिया की विजय के लिए कामना की गई। भरोसा जताया कि विश्वकप टीम इंडिया का ही होगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.