Lakhimpur Kheri: विजिलेंस टीम ने महिला क्लर्क को घूस लेते पकड़ा, बहाली आदेश के नाम पर लिए थे 20 हजार रुपये
विजिलेंस टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर अनिल यादव ने बताया कि शिकायतकर्ता अखिलेश कुमार ग्राम बेहड़ा मुल्तान में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत था। उसे जनवरी में सफाई कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद वह बहाली के लिए विभाग के चक्कर लगा रहा था। अखिलेश का आरोप था कि बहाली आदेश के लिए क्लर्क रेखा मिश्रा ने उससे 20 हजार रुपये मांगे। शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि डीपीआरओ ने ही उसे क्लर्क से मिलने की सलाह दी थी।
इस पर अखिलेश ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई। टीम ने साक्ष्य जुटाने के बाद मंगलवार सुबह 11 बजे विकास भवन पहुंचकर जाल बिछाया। शिकायतकर्ता ने क्लर्क को जैसे ही 20 हजार रुपये दिए, टीम में शामिल महिला कर्मियों ने रेखा को दबोच लिया। उसके पास से 20 हजार रुपये बरामद किए गए और रासायनिक प्रक्रिया अपनाई गई।
कार्यालय के सीसीटीवी करवा लें चेक : महिला क्लर्क
पूछताछ के दौरान रेखा मिश्रा ने कहा कि उन्होंने शिकायतकर्ता से किसी प्रकार की रकम नहीं मांगी और न ही कोई रुपये लिए। टीम के सदस्य चाहें तो कार्यालय में लगे सीसी कैमरों की फुटेज चेक करा सकते हैं, जिससे स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। कार्रवाई के दौरान वह पूरे समय मुस्कुराती रहीं।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया कि डीपीआरओ कार्यालय में तैनात एक महिला क्लर्क को घूस लेते हुए लखनऊ की विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ पकड़ा है। टीम ने क्लर्क से पूछताछ की और उसे अपने साथ ले गई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।