लखीमपुर खीरी में हादसा: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, मेला देखने जा रहे थे दोनों
लखीमपुर खीरी में संपूर्णानगर-पलिया मार्ग पर शुक्रवार रात पिकअप और बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक कमलापुरी कॉलोनी के निवासी थे। वे विशेनपुर गांव में मेला देखने जा रहे थे।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में संपूर्णानगर-पलिया मार्ग पर बमनगर चौराहे के पास तेज रफ्तार पिकअप वाहन और बाइक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। दो युवक मेला देखने जा रहे थे।
संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के भनपुरी खजुरिया चौकी अंतर्गत कमलापुरी कॉलोनी निवासी विपिन आर्य (21 वर्ष) और पीयूष मिश्रा (23) गहरे दोस्त थे। शुक्रवार रात दोनों बाइक से विशेनपुर गांव में लगा मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान बमनगर चौराहे के पास पलिया से सेमरी की तरफ जा रही पिकअप से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अमरपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से लखीमपुर रेफर कर दिया था। रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। सीओ शिवम कुमार ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। जांच कराई जा रही है।
चार बहनों का इकलौता भाई था विपिन
दोनों युवक अविवाहित थे। उनकी असमय मौत की खबर जैसे ही कमलापुरी गांव पहुंची, दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। मृतक विपिन आर्य इकलौता पुत्र था। उसकी चार बहनें हैं। चारों बहनों और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पीयूष मिश्रा के परिजनों के भी आंसू नहीं थम रहे थे।
कमलापुरी के ग्राम प्रशासक गुरबाज सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि एक तरफ गांव में छठ पूजा की तैयारियां चल रही हैं। वहीं दूसरी ओर दो होनहार युवाओं की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और सन्नाटा पसरा हुआ है।
