Lakhimpur Kheri: धरनास्थल में घुसा ट्रक, बाल-बाल बचे लोग, किसान नेता बोले- कुचल डालने की है साजिश
मैगलगंज क्षेत्र में सीतापुर और खीरी जिले की सीमा पर 45 दिनों से किसान यूनियन (अवध) का धरना प्रदर्शन जारी है। मंगलवार की रात प्रदर्शनकारी धरना स्थल पर तंबू के अंदर सो रहे थे, तभी सीतापुर की ओर से आया एक तेज रफ्तार ट्रक बैरिकेडिंग तोड़ता हुआ प्रदर्शनकारियों के तख्त से टकराकर आगे निकल गया।
विस्तार
लखीमपुर खीरी में लखनऊ-दिल्ली हाईवे के किनारे चल रहे किसान यूनियन के धरनास्थल के तंबू में मंगलवार रात एक ट्रक घुस गया। इस दौरान प्रदर्शनकारी किसान बाल-बाल बच गए। भाकियू (अवध गुट) के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप शुक्ला उर्फ श्यामू शुक्ला ने षड्यंत्र के तहत तिकुनिया कांड की तरह किसानों को कुचलकर मार देने की साजिश का आरोप लगाया है। इस संबंध में थाने में लिखित तहरीर दी गई है।
मैगलगंज क्षेत्र में सीतापुर और खीरी जिले की सीमा पर 45 दिनों से किसान यूनियन (अवध) का धरना प्रदर्शन जारी है। मंगलवार की रात प्रदर्शनकारी धरना स्थल पर तंबू के अंदर सो रहे थे, तभी सीतापुर की ओर से आया एक तेज रफ्तार ट्रक बैरिकेडिंग तोड़ता हुआ प्रदर्शनकारियों के तख्त से टकराकर आगे निकल गया। इस बीच ड्यूटी पर तैनात दो आरक्षियों ने दौड़कर ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में लेते हुए ट्रक कब्जे में ले लिया है।
मामले में किसान नेता प्रदीप शुक्ला उर्फ श्यामू का कहना है कि 7 नवंबर को टोल प्लाजा पर किसान पंचायत की गई थी। अफसरों ने एक हफ्ते में समस्याओं के निराकरण का वादा किया था। प्रमुख मांगों में बीडीओ पसगवां व मैगलगंज इंस्पेक्टर को हटाने की मांग थी। इसलिए सत्ता पक्ष के दो बड़े नेताओं के इशारे पर तिकुनिया कांड की तरह धरनास्थल पर मौजूद किसानों को कुचलकर मारने की कोशिश हुई है।
उधर, पुलिस ने बताया कि ट्रक ड्राइवर रात में सीतापुर की ओर से आ रहा था। झपकी लगने से रोड के किनारे बैरिकेडिंग से टकरा गया। किसी भी किसान को चोट नहीं आई है। ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की जा रही है। एसओ मैगलगंज अनिल कुमार सिंह का कहना है कि ट्रक ड्राइवर को झपकी लगने से ट्रक बैरिकेडिंग से टकरा गया है, किसी किसान को कोई नुकसान नहीं हुआ है।