तिकुनिया। दो साल पहले तीन अक्तूबर को हुई तिकुनिया हिंसा मामले में मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि देने के लिए कौड़ियाला गुरुद्वारा में दूसरी बरसी मनाई गई। इस दौरान भाकियू व संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े तमाम किसान संगठन व नेता एकत्रित हुए और हिंसा के दौरान मारे गए चार किसानों को शहीद का दर्जा देते हुए श्रद्धांजलि दी।
मंगलवार नो सुबह 10 बजे कौड़ियाला गुरुद्वारा में भारतीय किसान यूनियन के तमाम पदाधिकारी और किसान इकट्ठा हुए। दो वर्ष पहले तिकुनिया हिंसा में मारे गए किसानों व पत्रकार की याद में बरसी का कार्यक्रम किया। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष बलजिंदर सिंह मान ने कहा कि दो वर्ष पहले तिकुनिया हिंसा में शहीद किसानों को शत शत नमन है। हम सब हिंसा के दौरान उनके बलिदान को भूल नहीं पाएंगे। इस अवसर पर खेलकूद का कार्यक्रम भी रखा गया, लेकिन बारिश के चलते कार्यक्रम अब चार अक्तूबर बुधवार को होगा। तिकुनिया कांड की दूसरी बरसी में रुलजू सिंह मानस, रविंद्र सिंह, संगठन के सचिव कीर्ति सिंह व किसान यूनियन के मंदिर सिंह, राम आदर्श सिंह, सतनाम सिंह, बाबू अजीत सिंह समेत कई वरिष्ठ किसान व अन्य लोग मौजूद रहे।