भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराईं दो कारें, अयोध्या जा रहे पिथौरागढ़ के तीन लोगों की मौत, सात घायल
Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी के मैलानी में रविवार सुबह उत्तराखंड के पिथौरागढ़ निवासी तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। सात लोग घायल हुए हैं। पिथौरागढ़ के लोग रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे थे।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के मैलानी इलाके में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। गांव नौवाखेड़ा के नजदीक गोला-खुटार हाईवे पर तेज रफ्तार कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर घायल हो गए। ये सभी लोग पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं। रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में एक अन्य कार भी आई, जिससे उसमें सवार पांच लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड के पिथौरागढ़ निवासी पांच लोग एक्सयूवी कार से रामलला के दर्शन करने अयोध्या जा रहे थे। मैलानी क्षेत्र में गोला-खुटार हाईवे पर ग्राम नौवाखेड़ा के समीप कार चालक ने आगे चल रही वैगनार को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक्सयूवी की जोरदार भिड़ंत हो गई। वैगनार कार भी ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों एंबुलेंस से गोला सीएचसी भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने अचल सिंह (30), कुंदन सिंह (35) और प्रतीक शर्मा को मृत घोषित कर दिया। नरेंद्र सिंह और अनिकेत गंभीर घायल हैं। ये सभी लोग पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं। इनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
वैगनार कार में दिलीप सिंह, उनकी पत्नी रंजना और बेटा अनुज व जीआरपी लखीमपुर चौकी प्रभारी शिवम, उनकी पत्नी पूजा सवार थे। ये लोग भी घायल हुए हैं। दिलीप सिंह देवरिया गन्ना समिति गोला में बड़े बाबू पद पर तैनात हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नरेंद्र और अनिकेत की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया है। जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.