'गुरुजी ! कृपा दृष्टि बनाए रखना': यूपी बोर्ड के छात्र ने सवाल के जवाब की जगह कॉपी में लिखी पास करने की गुहार
यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य चल रहा है। इस दौरान उत्तर पुस्तिकाओं में अजब बातें लिखी सामने आ रही हैं। कुछ छात्रों ने सवाल के जवाब की जगह पास करने की मनुहार लिखी है।
विस्तार
सर, घर की आर्थिक स्थित ठीक नहीं है। मां-बाप और तीन बहनें हैं। घर का खर्च चलाने से लेकर बहनों और स्वयं की पढ़ाई के लिए नौकरी कर रहा हूं। कोचिंग न कर पाने के कारण पेपर अच्छा नहीं हुआ। इसलिए दयादृष्टि बनाए रखकर पास कर देना। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिका में पास होने के लिए एक छात्र ने इस तरह से विनती लिखी, जिसे पढ़कर मूल्यांकन कर रहे परीक्षक भी हैरान रह गए। कुछ कॉपियों में नोट भी रखे मिले।
मूल्यांकन कार्य के दौरान जांची जा रही
लखीमपुर के जीआईसी, जीजीआईसी एवं गांधी विद्यालय में यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो रहा है। इस दौरान कई कॉपियों में सवाल के जवाब की जगह पास करने की गुहार लिखी मिली। परीक्षक बताते हैं कि हर साल की तरह इस बार भी कॉपियों में इस तरह की बातें लिखी गई हैं। किसी छात्र ने फेल होने पर घरवालों द्वारा आगे की पढ़ाई न कराने का हवाला दिया तो किसी ने गरीबी के कारण कोचिंग न कर पाने का। इसके अलावा गणित की कॉपियों में 200 रुपये लेकर 500 रुपये के नोट रखे मिले हैं।
15 फीसदी कॉपियां बचीं
यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब सिर्फ 15 फीसदी काम ही रह गया है। शनिवार को 36184 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गई। कंट्रोल रूम प्रभारी देवेंद्र निगम ने बताया कि मूल्यांकन कार्य के दौरान अब तक 267208 कॉपी जांची जा चुकी है।
छात्रा ने कॉपी में लिखा: लड़कियों को तो आप जानते हैं कितना काम होता है, तैयारी नहीं कर पाई, पास कर देना सर...
शनिवार को जीआईसी में 14812, जीजीआईसी में 11802 और गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में 9570 उत्तरपुस्तिकाएं चेक की गईं। उन्होंने बताया कि बोर्ड की ओर से जिले को कुल 317098 कॉपी आवंटित हुई थी, जिसमें से 267208 कापियां चेक हो गई हैं और अब 49890 कॉपियों का मूल्यांकन शेष है।