Sawan 2022: छोटी काशी में आज बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज, प्राइमरी स्कूलों के शिक्षकों को मिली वॉलंटियर की जिम्मेदारी
सोमवार को नगर और कुंभी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों को सावन मेले में वॉलंटियर के रूप में जिम्मेदारी दी गई है।
विस्तार
छोटी काशी कहे जाने वाले गोला गोकर्णनाथ में सावन के तीसरे दिन रविवार को शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। वहीं पहले सोमवार पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों के जत्थे अलग-अलग गंगा घाटों से छोटी काशी के लिए रवाना हो चुके हैं। इसलिए प्रशासन ने रोडवेज बस स्टेशन को नगर के बाहर मोहम्मदी रोड पर श्याम जी राइस मिल में अस्थायी रूप से शिफ्ट कर दिया है।
सोमवार को नगर और कुंभी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों को सावन मेले में वॉलंटियर के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। रविवार को नगर और दूरदराज क्षेत्रों से आए शिव भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर गोकर्ण तीर्थ के पावन जल में आस्था की डुबकी लगाई। ब्रह्म मुहूर्त से लेकर देर रात तक पौराणिक शिव मंदिर परिसर ओम नम: शिवाय के जयघोष और घंटा घड़ियाल के निनाद से गुंजायमान रहा।
वहीं, सावन में सोमवार पर श्रद्धालुओं की भीड़ के दृष्टिगत अवकाश वाले विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को प्रत्येक सोमवार पर वॉलंटियर के रूप में सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक सहायता करने का निर्देश दिया गया है। जिसमें नगर क्षेत्र के साथ, अहमदनगर, बहेरा, हफीजपुर, कोरैया, लालहापुर,निजामपुर, संविलियन विद्यालय कंजा, भुसौरिया शिक्षकों और कर्मचारियों को क्लेशहरण, शिव मंदिर, भूतनाथ मंदिर, साजिद नगर पार्किंग स्थल, कंजा मंदिर पर वॉलंटियर की जिम्मेदारी दी गई है।
इन तिथियों पर श्याम जी राइस मिल में रहेगा अस्थायी बस स्टेशन
प्रशासन ने सावन मेले में रविवार और सोमवार पर श्रद्धालुओं की भीड़ के दृष्टिगत रोडवेज बस अड्डे को नगर के बाहर मोहम्मदी रोड पर श्याम जी राइस मिल में अस्थायी रूप से शिफ्ट कर दिया है। शाम 4:00 बजे से अगली तिथि की शाम 4:00 बजे तक।
- 17 जुलाई और 18 जुलाई (रविवार, सोमवार)
- 24, 25 और 26 जुलाई (रविवार, सोमवार, शिव तेरस)
- 27 की शाम से 28 जुलाई की शाम तक (अमावस्या)
- 31 जुलाई से 2 अगस्त तक (रविवार, सोमवार नागपंचमी)
- 7 अगस्त और 8 अगस्त (रविवार, सोमवार)
- 9 अगस्त की शाम से 10 अगस्त की शाम तक (शिव तेरस)