Lakhimpur Kheri News: धर्मस्थल पर पेड़ से लटका मिला साधु का शव, हत्या की आशंका
मैगलगंज क्षेत्र के रहजनिया गांव में हाईवे किनारे जिंद बाबा स्थान के पास रविवार को साधु का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के मैगलगंज के रहजनिया गांव में हाईवे किनारे जिंद बाबा स्थान के पास साधु का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी नेपाल सिंह ने भी मौका मुआयना किया। आसपास के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
मैगलगंज कोतवाली के रहजनिया गांव में हाईवे किनारे स्थित जिंद बाबा के स्थान के पास ही रह रहे 60 वर्षीय साधू चंदन गिरी का शव रविवार सुबह संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटका मिला। सुबह ग्रामीणों ने शव लटकते देख पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों के अनुसार जिंद बाबा के स्थान पर चंदन गिरी और साध्वी मिथिलेश गिरी करीब 21 वर्ष से आश्रम बनाकर रह रहे थे। चार पांच दिन पहले साध्वी वैष्णो देवी यात्रा पर निकल गईं थीं। घटनास्थल पर इनका सामान कंबल, टूटा हुआ मोबाइल, गद्दा और टॉर्च इधर-उधर बिखरा पड़ा था। मैगलगंज पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लोग बोले- ऐसा लग रहा था मानो डाल पकड़ खड़े हों
चंदन गिरी का शव पेड़ से इस तरह लटक रहा था कि जैसे वह पेड़ की डाल पकड़ कर खड़े हों। इससे कई लोगों ने राम-राम भी किया, लेकिन जवाब न मिलने पर जब लोग पास पहुंचे तो उन्हें मृत पाया। मैगलगंज के एसएचओ दीपक राय ने बताया कि संदिग्ध अवस्था में शव लटका मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी नेपाल सिंह ने बताया कि साधु के पेड़ पर लटकने की सूचना पर एसएचओ समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। प्रथम दृष्टया आत्महत्या लग रही है, लेकिन शव की स्थिति देखकर अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रभारी एसओ मैगलगंज को हर बिंदु पर जांच करने के लिए कहा गया है।