फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lakhimpur Kheri News ›   Principal Secretary expressed displeasure over slow procurement of paddy

धान की धीमी खरीद पर प्रमुख सचिव ने जताई नाराजगी

Wed, 27 Oct 2021 12:22 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Wed, 27 Oct 2021 12:22 AM IST
विज्ञापन
Principal Secretary expressed displeasure over slow procurement of paddy
राजापुर मंडी में धान देखतीं प्रमुख सचिव वीना कुमारी मीना।
क्रय केंद्रों के गोदाम भरे देख भड़के, शाम तक खाली कराने के दिए निर्देश
विज्ञापन

क्रय केंद्र प्रभारी शंभु दयाल और डिप्टी आरएमओ लालमणि प्रमुख सचिव के सवालों का जवाब देने में दिखे परेशान
लखीमपुर खीरी। खाद्य एवं रसद विभाग की प्रमुख सचिव बीना कुमारी मीणा ने मंगलवार को लखीमपुर की राजापुर मंडी के क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। ज्यादातर क्रय केंद्रों पर धान की धीमी खरीद होने पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई और केंद्र प्रभारियों की क्लास लगाते हुए उनसे पूछा कि कितने किसानों से बात की है, जिस पर केंद्र प्रभारी बगले झांकते नजर आए।
जनपद की मोहम्मदी और मैगलगंज मंडी में धान खरीद न होने पर किसानों द्वारा धान जलाए जाने की घटनाओं पर शासन ने संज्ञान लिया है, जिस पर खाद्य एवं रसद विभाग की प्रमुख सचिव बीना कुमार मीणा के नेतृत्व में कई अधिकारियों का काफिला मंडियों में धान खरीद का जायजा लेने लखीमपुर पहुंचा।
विज्ञापन

प्रमुख सचिव ने लखीमपुर में प्रवेश करते ही राजापुर चौराहे पर धान लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर मौजूद किसानों से बातचीत की तो कुछ किसानों ने बताया कि राइस मिल पर धान बेचने के लिए जा रहे हैं। इस पर प्रमुख सचिव ने कारण पूछा तो किसानों ने क्रय केंद्र प्रभारियों द्वारा धान न खरीदे जाने की शिकायत की। इसके बाद प्रमुख सचिव सीधे राजापुर मंडी पहुंचीं, जहां उन्होंने सबसे पहले मार्केटिंग के क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां पर गोदाम में धान भरा देख प्रमुख सचिव ने केंद्र प्रभारी से राइस मिल में न भेजने पर सवाल किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

केंद्र प्रभारी ने बताया कि डिपो से ऑनलाइन टैगिंग नहीं हुई है, जिस पर प्रमुख सचिव ने ऑफलाइन ही धान को अटैच राइस मिल में भेजने के निर्देश दिए। एक धान ढेरी की नमी चेक कराई, जिसमें 20 प्रतिशत नमी आई तो उन्होंने धान सुखाकर अपराह्न चार बजे तक धान की खरीद करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने किसान लवप्रीत सिंह निवासी भरकुड़ा फार्म से बातचीत की तो किसान ने बताया कि धान बेचने के बाद खाता संख्या ऑनलाइन शो नहीं हो रहा है कि किस खाते में भुगतान जाएगा। इस पर प्रमुख सचिव ने कहा कि आधार से जुड़े खाते में पैसा जाएगा, जिसकी सूचना आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर आएगी।
इसके बाद पीसीयू के क्रय केंद्र पर पहुंचीं, जहां 159.60 क्विंटल ही खरीद हुई थी। गोदाम में धान भरा था, जिस पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताते हुए शाम तक गोदाम खाली करने के निर्देश दिए। केंद्र प्रभारी से पूछा कि कितने किसानों से बात की है, जिसका जवाब देने में केंद्र प्रभारी शंभुदयाल बगलें झांकने लगे। प्रमुख सचिव ने क्रय केंद्र पर ही किसानों का टोकन जनरेट कराकर धान की खरीद करने को कहा।
इसके बाद उन्होंने सिलसिलेवार 12 क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रमुख सचिव ने कुल पंजीकरण के बारे में पूछा तो डिप्टी आरएमओ ने बताया कि 11 हजार पंजीकरण हुए हैं और एक हजार किसानों के टोकन जारी हुए हैं तो प्रमुख सचिव ने पूछा कि कितने किसानों से बात हुई है तो वह जवाब नहीं दे पाए। कहा कि सूची में दिए नंबरों पर बात करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक केंद्र प्रभारी प्रतिदिन 20 किसानों से बातचीत करे और क्रय केंद्र पर धान लाने के लिए प्रेरित करें। साथ ही रेंडम चेकिंग करने के भी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए। पीसीयू प्रथम क्रय केंद्र पर मौजूद किसान तरसेम सिंह निवासी बैरिया निघासन ने केेंद्र प्रभारी पर धान न खरीदने और मोबाइल बंद कर लेने का आरोप लगाया, जिस प्रमुख सचिव ने एआर कोआपरेटिव सूर्य नारायण मिश्रा को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। इस दौरान आरएफसी संतोष कुमार, पीसीयू के एमडी मनोज द्विवेदी, पीसीएफ के एमडी मासूम अली सरवर, यूपीएसएस के एमडी राजीव यादव, एसडीएम सदर राजेश कुमार समेत क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक मौजूद रहे। इसके बाद प्रमुख सचिव ने गोला मंडी के क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया और फिर सीतापुर रवाना हो गईं। इस दौरान डीएम डॉ अरविंद कुमार चौरसिया व एडीएम संजय सिंह मौजूद रहे।
प्रमुख सचिव बोलीं, 200 किसानों से मैंने की है बात
प्रमुख सचिव बीना कुमार मीणा ने कहा कि हमने 200 किसानों से बातचीत कर फीडबैक लिया है। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्र प्रभारी अपने को खुदा समझकर किसानों से बेरुखी दिखाते हैं, जिससे किसान क्रय केंद्र पर धान बेचने से कतराते हैं। उन्होंने जिला प्रबंधकों को हिदायत देते हुए कहा कि क्रय केंद्र पर आने वाले किसानों को किसी भी हाल में टरकाया न जाए, बल्कि उनकी समस्या को दूर करते हुए धान खरीदा जाए।
कृषि उत्पादन मंडी समिति में प्रमुख सचिव ने धान खरीद का लिया जायजा
गोला गोकर्णनाथ। खाद्य विभाग प्रमुख सचिव वीना कुमारी मीना ने कृषि उत्पादन मंडी समिति के क्रय केंद्रों पर हो रही धान खरीद का जायजा लिया। किसानों की समस्याओं को सुना। इसके बाद उन्होंने केंद्र प्रभारियों की फटकार लगाई। साथ ही अधिकारियों ने निर्देश भी दिया कि यदि धान खरीद में कमी पाई गई तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। कहा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए आधार लिंक मोबाइल नंबर और आधारित बैंक खाते में पैसा भेजा जाएगा। प्रमुख सचिव ने क्रय केंद्रों पर खरीदे गए धान का स्टाक देख डिप्टी आरएमओ लालमणि पांडे, केंद्र प्रभारी पवन कुमार मिश्र, सुभाष चंद्र, पवन सिंह से नाराजगी जताते हुए तत्काल उठान कराने को कहा। इस मौके पर एडीएम संजय कुमार सिंह, एआर सूर्य नारायण मिश्र, एसडीएम अखिलेश यादव, एमडी पीसीएफ मासूम अली सरवर आदि मौजूद रहे।

प्रमुख सचिव के आगमन पर आनन-फानन में शुरू कराई सफाई
कृषि उत्पादन मंडी समिति की सब्जी मंडी में गंदगी का अंबार है। दुर्गंध के कारण सब्जी मंडी में घुसते ही लोगों को नाक पर रुमाल रखना पड़ता है। मंगलवार को विशेष सचिव के आगमन की सूचना मिलते ही आनन-फानन में जेसीबी से साफ सफाई शुरू कराई गई।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed