गोला गोकर्णनाथ। सहकारी गन्ना विकास समिति में किसान शक्ति संगठन के अध्यक्ष श्रीकृष्ण वर्मा के नेतृत्व में किसान 20 दिन से गन्ना भुगतान की मांग लेकर धरने पर बैठे हैं। किसानों का कहना है कि उन्हें चीनी नहीं भुगतान चाहिए क्योंकि मिल अधिकारी उन्हें बाजार से महंगी चीनी देते हैं जबकि एजेंट को सस्ती चीनी बेचते हैं। चेतावनी दी कि 15 जनवरी तक भुगतान न होने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संगठन के अध्यक्ष पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने बजाज चीनी मिल के वर्ष 2015-16 की चीनी बिक्री का अभिलेख प्रस्तुत करते हुए बताया कि मिल जब भी किसानों को चीनी देती है तो वह दो से तीन रुपये महंगी होती है। जबकि अपने एजेंटों को किसान से सस्ती चीनी बेचती है। इससे गन्ना किसानों को बाजार के थोक भाव से अधिक भाव पर चीनी लेने को विवश होना पड़ता है। इसलिए ही किसान चीनी लेने का विरोध कर रहे हैं। पटेल श्रीकृष्ण वर्मा ने कहा कि यदि 15 जनवरी तक किसानों को पिछले पेराई सत्र के गन्ने का भुगतान नहीं किया गया तो वह किसानों के सहयोग से जबरदस्त आंदोलन करेंगे। भुगतान लेकर ही आंदोलन समाप्त करेंगे। इस मौके पर विजय वर्मा, श्याम बिहारी, संतोष सिंह, सत्येंद्र वर्मा, पटेल नीरज वर्मा, अरुण कुमार वर्मा, दिनेश कुमार ,मनोज कुमार, श्याम किशोर, परमेश्वर दीन, राधेश्याम, सालिगराम ,परसादी लाल, हरीसिंह, विपिन कुमार, सदनलाल, सुनील कुमार, गुरु प्रसाद वर्मा, जमुनालाल, ईश्वर दीन वर्मा, भारत पाल वर्मा, रविंद्र वर्मा, सियाराम, विपनेश कुमार तोताराम आदि मौजूद रहे।