ममरी। मंगलवार को वायरल हुए एक वीडियो में एक तेंदुआ मोहम्मदी वन क्षेत्र के ग्राम इटौवा सुंदरपुर के बीच बने ट्यूबवेल के कमरे की छत पर बैठा आराम फरमाता दिखाई दिया है। वनकर्मियों और ग्रामीणों ने वीडियो अन्य स्थान का होना बताते हुए ट्यूबवेल के पास से एक बाघ के निकलने की पुष्टि की है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक तेंदुआ ट्यूबवेल के बने कमरे की छत पर बैठा आराम कर रहा है। यह वीडियो देख सुंदरपुर इटौवा और आसपास के ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। इस बाबत जब सुंदरपुर के रामकुमार वर्मा और इटावा के ग्रामीण और देवीपुर बीट के फॉरेस्टर शिवकुमार कश्यप, वनरक्षक अभिषेक वर्मा से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि सोमवार की शाम एक बाघ ट्यूबवेल के पास से निकलते अवश्य देखा गया है। इसकी पुष्टि ग्रामीणों ने भी की है, लेकिन कमरे की छत पर तेंदुआ बैठे होने की खबर को उन्होंने गलत ठहराया है। संवाद