दिवाली पर खौफनाक घटना: लखीमपुर खीरी में 10 वर्षीय बालक को दबोच ले गया तेंदुआ, सुबह मिला क्षत-विक्षत शव
लखीमपुर खीरी जिले में दिवाली पर खौफनाक घटना हुई। गोला वन रेंज की पूर्वी बीट के जमुनाबाद स्थित गन्ना शोध केंद्र परिसर में रविवार शाम घर के सामने से तेंदुआ 10 वर्षीय बालक को दबोच ले गया। सोमवार सुबह घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ।
विस्तार
लखीमपुर खीरी जनपद के गोला वन रेंज की पूर्वी बीट के जमुनाबाद स्थित गन्ना शोध केंद्र परिसर में रविवार शाम घर के सामने से तेंदुआ 10 वर्षीय बालक रोहित को उठाकर ले गया। रातभर तलाश के बाद सोमवार सुबह घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। इलाके में दहशत फैल गई।
रोहित श्रमिक लालू का इकलौता बेटा था। उससे बड़ी एक बहन दामिनी है। रोहित जमुनाबाद के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। परिजनों के मुताबिक, दिवाली पर रविवार शाम घर के सामने पटाखे जलाए जा रहे थे। रोहित भी पटाखा जला रहा था। इसी दौरान अचानक पहुंचे तेंदुए ने रोहित पर हमला कर दिया और उसे दबोच ले गया। घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद परिवार के लोगों ने पुलिस के साथ रातभर मासूम की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
सोमवार सुबह घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में उसका क्षत-विक्षत शव मिला। उसका सिर्फ एक पैर और सिर मिला है। बाकी धड़ नहीं था। बताया जा रहा है कि तेंदुआ धड़ खा गया। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और परिजनों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने की बात कही।
विधायक और अफसर मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना पर वन क्षेत्राधिकारी अमित सिंह, विधायक अमन गिरि, सीओ जितेंद्र सिंह परिहार, नायब तहसीलदार रंणजय सिंह और सपा नेता अशोक वर्मा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से घटना की जानकारी ली। घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में वन्यजीवों के हमले को लेकर भय और आक्रोश है। उन्होंने तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।