Lakhimpur Kheri: आधी रात गांव में आया तेंदुआ, सुबह सीसीटीवी फुटेज देखी तो ग्रामीण रह गए दंग
लखीमपुर खीरी जिले के दलराजपुर गांव में मंगलवार रात एक तेंदुआ घुस गया। इसकी जानकारी बुधवार सुबह हुई, तब एक दुकानदार ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। जिसमें तेंदुआ गली में चहलकदमी करते दिखाई दे रहा है।
विस्तार
लखीमपुर खीरी जिले के आबादी क्षेत्रों में वन्यजीवों की चहलकदमी इन दिनों बढ़ गई है। कहीं बाघ तो कहीं तेंदुए देखे जा रहे हैं। इन वन्यजीवों के हमले की कई घटनाएं भी पिछले दिनों हो चुकी है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला उत्तर निघासन वन रेंज के अंतर्गत गांव दलराजपुर का है। यहां मंगलवार देर रात एक तेंदुआ गांव में पहुंच गया। तेंदुआ गांव की गलियों में धूम रहा था। सीसीटीवी कैमरे में उसकी चहलकदमी कैद हो गई।
घटना मंगलवार रात 2:38 बजे की है। करीब डेढ़ मिनट की फुटेज में तेंदुआ गली में दिख रहा है। कुछ दूर आगे कुत्ते बैठे होते हैं, जहां पहुंचने पर जब कुत्ते भौंकते हैं। फिर तेंदुआ और कुत्ते भाग जाते हैं।
दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीर
दलराजपुर गांव के रहने वाले किसान कुलविंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार रात उनके गांव में सड़क पर तेंदुआ आ गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। गांव में ही कुलविंदर की किराने की दुकान है। दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। गांव में घूम रहे तेंदुआ की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेंदुए की चहलकदमी से लोग खेतों में जाने डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। उत्तर निघासन वन रेंज के रेंजर भूपेंद्र ने बताया कि दलराजपुर गांव में तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली है, स्टाफ को मौके पर भेज कर दिखवाया जा रहा है। स्थानीय लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की गई है।